प्रत्याशियों को लेकर कांग्रेस क्यों बना रही 2 लिस्ट, इसके पीछे छिपी है यह बड़ी वजह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित व अरविंद केजरीवाल के औपचारिक बयानों से इतर दोनों ही पार्टियों के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट अब भी जारी है। भाजपा के खिलाफ नया फॉर्मूला बन रहा है।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच मचे सियासी घमासान के बीच प्रदेश कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन के लिए दो सूची तैयार कर रही है। एक सूची AAP के साथ संभावित गठबंधन के मद्देनजर तैयार की जा रही है और दूसरी सूची गठबंधन नहीं होने की स्थिति में काम करेगी।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित व अरविंद केजरीवाल के औपचारिक बयानों से इतर दोनों ही पार्टियों के बीच गठबंधन की सुगबुगाहट अब भी जारी है। भाजपा को सीधे-सीधे पूरा चुनावी लाभ लेने से रोकने के लिए तीन-तीन-एक फॉर्मूले पर ही विमर्श किया जा रहा है। तीन सीटों पर AAP के उम्मीदवार होंगे, तीन पर कांग्रेस के और एक सीट पर दोनों पार्टियों की पसंद का साझा उम्मीदवार। यही वजह है कि सोमवार को बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी AAP या केजरीवाल के खिलाफ कुछ नहीं बोला और मंगलवार को केजरीवाल ने भी पत्रकार वार्ता में केवल भाजपा के खिलाफ ही जहर उगला।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि उम्मीदवारों के चयन में जल्दबाजी इसलिए भी नहीं की जा रही क्योंकि पार्टी आलाकमान से अभी कुछ स्पष्ट संकेत नहीं है। पार्टी की ओर से कुल 74 आवेदनों में से नाम शॉर्टलिस्ट भी नहीं किए गए हैं। बुधवार शाम प्रदेश प्रभारी पीसी चाको ने भी शीला से उनके निवास पर मुलाकात की, लेकिन इसके बाद वह केरल रवाना हो गए।
प्रदेश कांग्रेस के कुछ शीर्ष नेताओं ने बताया कि अगर गठबंधन होता है तो कांग्रेस को नई दिल्ली, चांदनी चौक और उत्तर पश्चिमी सीट मिल सकती है। इस सूरत में नई दिल्ली से अजय माकन और चांदनी चौंक से कपिल सिब्बल का नाम तय बताया जा रहा है, जबकि उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजेश लिलोठिया या राजकुमार चौहान के नाम पर मुहर लग सकती है। अगर गठबंधन नहीं होता तो उक्त तीनों सीटों के संभावित उम्मीदवार भी बदले जा सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस नए और कुछ पुराने चेहरों पर दांव लगाएगी।
कार्यकर्ताओं से कांग्रेस कर रही रायशुमारी
आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से रायशुमारी शुरू कर दी है। राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे शक्ति एप से जुड़े प्रदेश के करीब 55 हजार कार्यकर्ताओं से आप के साथ गठबंधन पर राय मांगी जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको की आवाज में कार्यकर्ताओं के पास पहले से रिकार्ड आवाज में संदेश आ रहा है- मैं दिल्ली कांग्रेस का प्रभारी पीसी चाको बोल रहा हूं। अगर आप आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के पक्ष में हैं तो एक नंबर दबाएं और अगर नहीं दो नंबर दबाएं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह रायशुमारी दो से तीन दिन तक चलेगी।
कांग्रेस बनाएगी नौ मीडिया पैनलिस्ट
दिल्ली के लोगों तक अपनी बात बेहतर तरीके से पहुंचाने के लिए दिल्ली कांग्रेस की ओर से नौ मीडिया पैनलिस्ट बनाए जाएंगे। पार्टी प्रवक्ता जितेन्द्र कोचर ने बताया कि प्रदेश कार्यालय में बुधवार को बैठक में मीडिया पैनलिस्ट के लिए नामों पर चर्चा हुई है। बृहस्पतिवार को इनके नामों की घोषणा की जा सकती है।
दिल्ली-एनसीआर की महत्वपूर्ण खबरें पढ़ें यहां, बस एक क्लिक पर