जानिए बीजेपी की तरफ से दिल्ली के तीनों नगर निगम में महापौर-उपमहापौर के लिए कौन-कौन हैं प्रत्याशी, 16 जून को चुनाव
16 जून को होने वाली निगम सदन की बैठक में होगा चुनाव भाजपा के पास बहुमत होने के कारण निर्विरोध चुना जाना तय। दक्षिणी में मुकेश सुर्यान पूर्वी में श्याम सुंदर अग्रवाल और उत्तरी में राजा इकबाल सिंह ने किया महापौर पद के लिए नामांकन।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजधानी के तीनों नगर निगम (दक्षिणी, उत्तरी और पूर्वी निगम) के महापौर-उपमहापौर व स्थायी समिति के तीन-तीन सदस्यों के लिए लिए प्रदेश भाजपा ने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सोमवार देर रात तक चली बैठक में इन प्रत्याशियों के नाम पर मंथन किया गया। मंगलवार सुबह ट्वीटर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने इन नामों की घोषणा की। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद प्रत्याशियों ने नामांकन कर दिया है।
दक्षिणी निगम में जहां सागरपुर वार्ड से पार्षद मुकेश सुर्यान महापौर व छावला से पार्षद पवन शर्मा ने नामांकन किया। इसी तरह पूर्वी निगम में महापौर पद के लिए रघुवरपुरा वार्ड से पार्षद श्याम सुंदर अग्रवाल, उपमहापौर पद पर मयूर विहार फेस -1 से पार्षद किरण वैद्य ने नामांकन किया। उत्तरी निगम में जीटीबी नगर से पार्षद राजा इकबाल सिंह ने महापौर तो उप महापौर के लिए होलंबी खुर्द से पार्षद अर्चना ने नामांकन किया है।
उल्लेखनीय है कि तीनों नगर निगम के सदन की बैठक 16 जून को होनी है। जिसमें महापौर व उपमहापौर के साथ स्थायी समिति के तीन-तीन सदस्यों की चुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी। चूंकि महापौर व उप महापौर पद पर एक-एक नामांकन हुआ है ऐसे में इनका निर्विरोध चुना जाना तय है। वहीं, पूर्वी और उत्तरी निगम में स्थायी समिति रिक्त तीन पदों पर भी निर्विरोध चुनाव होना तय है। उत्तरी निगम में स्थायी समिति के सदस्य के पद के लिए भाजपा पार्षद कमला नगर से पार्षद जोगी राम जैन और स्वामी श्रद्धानंद कालोनी से पार्षद विजय भगत ने नामांकन किया है।
वहीं आम आदमी पार्टी (आप) के रामपुरा वार्ड से पार्षद ने स्थायी समिति के सदस्य के लिए नामांकन किया है। इसी तरह पूर्वी निगम में भाजपा के दिलशाद गार्डन से पार्षद बीर सिंह पंवार व किशन कुंज की पार्षद हिमांशी पांडेय ने नामांकन किया है। यहां आप की न्यू सीमापुरी से पार्षद मोहिनी ने पर्चा भरा है। दक्षिणी निगम में स्थायी समिति के मुकाबला रोचक हो सकता है, क्योंकि यहां तीन पदों पर चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। यहां भाजपा से महिपालपुर से पार्षद इंद्रजीत सहरावत, तुगलकाबाद एक्सटेंशन से पूनम भाटी ने नामांकन किया है।
कांग्रेस के रनहोला से पार्षद सुरेश कुमार ने पर्चा भरा तो वहीं, आप के सीतापुरी वार्ड से पार्षद प्रवीण कुमार ने भी नामांकन किया है। भाजपा के पास अपने दो प्रत्याशियों को जिताने के लिए पर्याप्त संख्याबल हैं लेकिन मुकाबला कांग्रेस और आप के बीच होगा। इन पदों पर प्राथमिकता के आधार पर मतदान होता है। जिसमें भाजपा पार्षद जिसे प्राथमिकता की वोटिंग में ज्यादा वोट दे देंगे उसका ही प्रत्याशी जीत जाएगा।