यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जानिए एनसीआर में किस जगह पर मुंबई की तर्ज पर बनने जा रहा हेली हब, क्या होंगी खासियतें
गुरुग्राम में मुंबई के जुहू की तर्ज पर हेली हब बनेगा। इससे हेलीकाप्टर न सिर्फ उड़ान भर सकेंगे बल्कि इसमें हेलीकाप्टर पार्किंग से लेकर मरम्मत व ईंधन भरवाने की सुविधा भी होगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दे दी है।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। गुरुग्राम में मुंबई के जुहू की तर्ज पर हेली हब बनेगा। इससे हेलीकाप्टर न सिर्फ उड़ान भर सकेंगे, बल्कि इसमें हेलीकाप्टर पार्किंग से लेकर मरम्मत व ईंधन भरवाने की सुविधा भी होगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसकी मंजूरी दे दी है। इस हेली हब से गुरुग्राम शहर और शहर के बाहर दूसरे राज्यों के लिए भी हेलीकाप्टर अपनी क्षमता के अनुसार उड़ान भर सकेंगे। देश भर में पांच हेली हब बनाए जाने हैं। इनमें मुंबई के जुहू पर 20 से 25 हेलीकाप्टर एक साथ संचालित की क्षमता वाला हेली हब बनेगा तो गुरुग्राम में इसकी क्षमता 30 से 35 होगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस बाबत विस्तृत जानकारी देते हुए बताया नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से उनकी मुलाकात के दौरान मंत्रालय की तरफ से हेली हब के लिए जमीन देने का प्रस्ताव दिया गया। सीएम के अनुसार राज्य सरकार गुरुग्राम की प्रस्तावित ग्लोबल सिटी में हेली हब बनाने के लिए जगह उपलब्ध कराएगी। गुरुग्राम के इस हेली हब का सबसे ज्यादा फायदा उन विमानन कंपनियों सहित निजी हेलीकाप्टर संचालन करने वाले लोगों को होगा जो पार्किंग उपलब्ध नहीं होने से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अपना हेलीकाप्टर खड़ा नहीं कर पाती थीं। कई बार दिल्ली एयरपोर्ट पर हवाई जहाज की ज्यादा संख्या के चलते हेलीकाप्टर को लैंडिंग के लिए अनुमति नहीं मिलती है तो उन्हें जयपुर हवाई अड्डे पर उतारा जाता है। दिल्ली के नजदीक गुरुग्राम हेली हब बनने से अब इस समस्या का समाधान हो जाएगा।