तीन बच्चों की मां की हैरान करने वाली प्रेम कहानी, उम्र में छोटा निकला प्रेमी
महिला का पिछले पांच साल से अपने ससुराल के पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवक महिला से उम्र में छोटा है।
नोएडा (जेएनएन)। सेक्टर-25 में रहने वाली एक महिला को एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर करना भारी पड़ गया है। महिला पांच साल से पति को धोखा दे रही थी और विरोध करने पर पति पर घरेलू हिंसा की रिपोर्ट दर्ज करा कर तीन बच्चों को लेकर मायके आ गई। चार दिन पहले वह बच्चों को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार होकर एक परिचित के घर चली गई। परिचित की सूचना पर पहुंचे महिला के भाइयों ने उसके प्रेमी को बंधक बनाकर दो दिनों तक जमकर पीटा। इसके बाद प्रेमी ने महिला से संबंध खत्म कर लिया, तो महिला को अपने पति की याद आई, लेकिन पति ने साथ रखने से इन्कार कर दिया है।
कई घंटे हुई पंचायत के बाद सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस के दबाव में महिला के भाई उसे शरण देने को तैयार हो गए। सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने बताया कि महिला का मायका सेक्टर-25 में है। दस साल पहले उसकी दिल्ली के कोंडली में शादी हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं।
महिला का पिछले पांच साल से अपने ससुराल के पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवक महिला से उम्र में छोटा है। पति को इस बात की भनक लग गई, तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। पति के समझाने का महिला पर कोई असर नहीं पड़ा और दो माह पहले उसने दिल्ली में पति के खिलाफ घरेलू ¨हसा का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
दो माह से मायके में रह रही महिला ने प्रेमी के साथ भागकर शादी करने का मन बना लिया। वह 12 जुलाई को प्रेमी के साथ भाग कर एक परिचित के घर चली गई। परिचित व्यक्ति ने महिला के भाइयों को फोन करके पूरी कहानी बता दी। इसके बाद महिला के दो भाई उसके घर पहुंचे और प्रेमी को एक कमरे में बंधक बनाकर जमकर पीटा।
पुलिस का कहना है कि भाइयों ने प्रेमी को दो दिन तक कमरे में बंद रखा और इसके बाद प्रेमी ने महिला से संबंध खत्म करने का वादा किया। महिला के व्यवहार से नाराज उसके भाइयों ने भी उसे अपने साथ रखने से इन्कार कर दिया, तो सोमवार को मामला थाने पहुंच गया।