Move to Jagran APP

कारगिल युद्ध में दुश्मनों पर कहर बनकर टूट पड़े थे नागा रेजीमेंट के सिपाही भरत सिंह रावत

भरत सिंह रावत आखिरी सांस तक जज्बे के साथ लड़े। सीने में कई गोलियां समा चुकी थीं, असहनीय पीड़ा थी, फिर भी बंदूक से गोलियों की बौछार करते हुए आगे बढ़ते गए।

By JP YadavEdited By: Published: Thu, 02 Aug 2018 03:21 PM (IST)Updated: Thu, 02 Aug 2018 03:21 PM (IST)
कारगिल युद्ध में दुश्मनों पर कहर बनकर टूट पड़े थे नागा रेजीमेंट के सिपाही भरत सिंह रावत
कारगिल युद्ध में दुश्मनों पर कहर बनकर टूट पड़े थे नागा रेजीमेंट के सिपाही भरत सिंह रावत

नई दिल्ली (भगवान झा)। कारगिल युद्ध में दुश्मनों की गोलियों की परवाह किए बिना उन पर कहर बनकर टूटे थे नागा रेजीमेंट के सिपाही भरत सिंह रावत। वह आखिरी सांस तक जज्बे के साथ लड़े। सीने में कई गोलियां समा चुकी थीं, असहनीय पीड़ा थी, फिर भी बंदूक से गोलियों की बौछार करते हुए आगे बढ़ते गए। दुश्मनों की और गोलियां लगीं तो वह गिर गए, लेकिन हौसला अडिग था। रेजीमेंट के जवान उनकी मदद को रुके, लेकिन भरत सिंह ने उन्हें आगे बढ़ते रहने को कहा। हमारे जांबाजों ने दुश्मनों को परास्त कर दिया, लेकिन तब तक यह योद्धा मातृभूमि पर अपनी जान न्योछावर कर चुका था।

loksabha election banner

नागा रेजीमेंट को मई 1999 को जम्मू-कश्मीर के द्रास सेक्टर में भेजा गया था। जैसे ही पाकिस्तानी घुसपैठियों को भारतीय फौज के आने की आहट मिली, उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कई भारतीय सिपाही शहीद हुए। भरत सिंह रावत भी उस रेजीमेंट के हिस्सा थे। वह अपने साथियों के साथ आगे बढ़ते रहे। रात होने के कारण काफी कठिनाइयां सामने आ रही थीं।

इसी दौरान फिर से पाकिस्तानी फौज ने गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय फौज ने करारा जवाब दिया। इस दौरान भरत सिंह के जिस्म में कई गोलियां लगीं और वह दुश्मनों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए। भारी बर्फबारी व दुर्गम रास्ते की वजह से उनका शव करीब एक महीने बाद उनके पैतृक गांव उत्तराखंड के पुरख्याल ले जाया गया, जहां उन्हें अंतिम सलामी दी गई।

युद्ध के बारे में नहीं मिल पा रही थी जानकारी

भरत सिंह का परिवार नजफगढ़ में रह रहा है। उनकी पत्नी विनीता के सामने जब युद्ध की बात छिड़ती है तो आंखें नम हो जाती हैं। वह बताती हैं कि भरत सिंह की शहादत के समय बेटा साढ़े पांच साल का और बेटी तीन वर्ष की थी। जिंदगी की डगर काफी कठिन लग रही थी, लेकिन इस बात का गर्व है कि मेरे पति ने देश के लिए अदम्य साहस दिखाया। जिस समय कारगिल युद्ध हुआ उस समय संचार के साधन इतने ज्यादा नहीं थे। मुझे कारगिल के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। उस दौरान पुरख्याल गांव के एक बैंक में काम से गई थी। मेरे एक रिश्तेदार साथ थे।

बैंक में मैंने नागा रेजीमेंट के एक जवान को देखा। जब उनसे कारगिल युद्ध के बारे में बात की तो पता चला कि नागा रेजीमेंट ने दुश्मनों के दांत खट्टे कर दिए हैं, लेकिन कई भारतीय सैनिक शहीद भी हुए हैं। उसी समय मेरा दिल बैठ गया। अनहोनी की आशंका सताने लगी। इस बीच हमें पति के गायब होने की जानकारी दी गई। युद्ध के एक महीने बाद शव को लाया जा सका। करीब तीन वर्ष तक मुझे किसी भी चीज का होश नहीं रहा, लेकिन बाद में खुद को संभाला। बच्चों के साथ समय बिताना शुरू किया। दिल्ली में कारगिल अपार्टमेंट में हमें फ्लैट मिला। हंसराज कॉलेज से दोनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। मेरी सरकार से एक ही विनती है कि शहीद के बच्चों को सरकारी नौकरी दी जाए। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.