विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

LG vs Delhi CM: एलजी के पत्र पर केजरीवाल का पलटवार, कहा- आपको हमारे कामों में विघ्न डालने का कोई अधिकार नहीं

By Jagran NewsEdited By: Abhi Malviya
Published: Fri, 20 Jan 2023 12:44 PM (IST)

LG विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच तनातनी का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा ...और पढ़ें

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच तनातनी का दौर।
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच तनातनी का दौर।

नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच तनातनी का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पहले चिट्ठी लिखकर अपशब्दों को लेकर आलोचना की थी। इस मामले को लेकर अब केजरीवाल की ओर से पलटवार किया गया है।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपनी चिट्ठी के साथ ट्विटर पर लिखा, ''आज सुबह LG साहिब का पत्र मिला। उन्हें मेरा जवाब। सर, हमें अपना काम करने दीजिए, आप दिल्ली की क़ानून व्यवस्था ठीक कीजिए ताकि कंझावला जैसा दूसरा केस फिर ना हो।''

केजरीवाल का पत्र- 

केजरीवाल ने पत्र में लिखा, ''बीते दिनों दिल्ली के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सारी कैबिनेट और सारे विधायक यदि आपके द्वार पर खड़े थे तो जाहिर है कि राज्य से संबंधित कोई बड़ी समस्या को लेकर ही आए थे। आप चाहते तो पांच मिनट बाहर आकर हमसे मिल सकते थे। आप हमसे नहीं मिले, इससे पूरे प्रदेश के लोगों को बुरा लगा। दिल्ली के लोगों ने अपमानित महसूस किया।'' 

साथ ही केजरीवाल ने अपने पत्र में दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी टिप्पणी की। केजरीवाल ने लिखा कि उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने अपने पत्र में दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था की आलोचना की है। केजरीवाल ने लिखा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत दिया है। केजरीवाल का कहना है कि जनता की नजरों में उनकी सरकार अच्छा काम कर रही है। 

कानून व्यवस्था को लेकर क्या बोले केजरीवाल?

केजरीवाल ने पत्र में लिखा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था पूरे देश में सबसे खराब है। उन्होंने लिखा कि दिल्ली में अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। किसी भी महिला का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने एलजी को लिखा, ''संविधान ने आपको दिल्ली की कानून व्यवस्था ठीक करने का काम दिया है।'' उन्होंने आगे लिखा कि अगर आपको हमारे काम ठीक नहीं लगते, तब भी आपको हमारे कामों में विघ्न डालने का कोई अधिकार नहीं है। वैसे ही जैसे हम आपके कामों में विघ्न नहीं डालते। 

केजरीवाल ने लिखा कि किसी दिन यदि सूर्य को लगने कि चांद ठीक से काम नहीं कर रहा, आज मैं चांद का काम करूंगा, तो सारी सृष्टि गड़बड़ा जाएगी। सूर्य को अपना काम करना चाहिए और चांद अपना काम करे। इसी तरह सारी व्यवस्था सुचारू रूप से चलती है।     

यह भी पढ़ें- दिल्ली एलजी वीके सक्सेना ने केजरीवाल को लिखा पत्र; उन पर 'भ्रामक, अपमानजनक टिप्पणी' करने का आरोप लगाया