वकील ने चेंबर में जूनियर को बुलाकर की गंदी बात, गिरफ्तार
नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को दिया अंजाम। पुलिस ने आरोपित वकील को किया गिरफ्तार।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली में दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सख्त कानून बनाने के भी प्रतिदिन इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला साकेत कोर्ट परिसर का है। जहां कानून की सुरक्षा करने वाले 54 वर्षीय एक वकील ने ही 32 वर्षीय अपनी जूनियर महिला वकील के साथ दुष्कर्म किया। घटना शनिवार रात की है।
काम के बहाने चेंबर में बुलाया था
महिला वकील का आरोप है कि उसके सीनियर वकील ने काम के बहाने उसे अपने चेंबर में बुलाया था। यहां उसे नशीला पेय पिलाकर सीनियर वकील ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला वकील का मेडिकल कराने के बाद साकेत थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। साथ ही आरोपित वकील को संगम विहार से गिरफ्तार भी कर लिया गया है। शनिवार देर रात हुई इस घटना के कुछ देर बाद ही पीड़िता ने घटना की जानकारी दिल्ली पुलिस को दे दी थी।
फॉरेंसिक जांच के लिए चेंबर सील
महिला ने बताया कि उसके सीनियर वकील पीके लाल ने शनिवार को किसी काम से चेंबर में बुलाया था। यहां उसे पीने के लिए कुछ दिया गया। उसमें कुछ नशीला पदार्थ मिला हुआ था, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद चैंबर के अंदर ही उसके साथ दुष्कर्म किया गया। डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि महिला वकील द्वारा शिकायत किए जाने के तत्काल बाद मेडिकल कराया गया। इसके बाद आरोपित वकील पीके लाल को रविवार सुबह संगम विहार से गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को महिला के साथी वकीलों से भी पुलिस पूछताछ करेगी। जिस चैंबर में दुष्कर्म किया गया है, उसे सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।