होली से पहले दिल्ली-NCR के इन जगहों पर लंबा जाम, घंटों फंसे रहे वाहन
होली की वजह से दिल्ली-एनसीआर के कई जगहों पर मंगलवार शाम को जाम लग गया। आनंद विहार बस अड्डे के बाहर मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
नई दिल्ली/गाजियाबाद, जेएनएन। रंगों के त्यौहार होली को लेकर बाजारों में रौनक देखी जा रही है। होली की वजह से दिल्ली-एनसीआर के कई जगहों पर मंगलवार शाम को जाम लग गया। दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे के बाहर मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। जिसकी वजह से वाहन रेंगते हुए नजर आये।
उधर, दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में भी कई जगहों पर जाम लग गया। साहिबाबाद में रेलवे स्टेशन अंडरपास पर मंगलवार सुबह वाहनों का दबाव बढ़ने पर जाम लग गया। करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। यहां पर यातायात पुलिसकर्मी नहीं दिखे। जाम में फंसे लोग वाहनों से बाहर निकले और जाम खुलवाने में जुटे रहे।
साहिबाबाद रेलवे अंडरपास पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे लंबा जाम लगने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम देख कुछ लोग मोहन नगर के रास्ते गंतव्य तक पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे तक अंडरपास पर यातायात प्रभावित रहा। जाम में फंसे लोग घंटों की देरी से गंतव्य तक पहुंचे। यातायात निरीक्षक परमहंस तिवारी का कहना है कि जाम की सूचना मिलते ही मौके पर यातायात पुलिसकर्मी भेजे गए। वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम लगा था।