यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शर्मनाक! इंसान तो इंसान शव पर भी नहीं आयी किसी को रहम, एक के बाद एक गुजरते रहे वाहन
दिल्ली में दिल को दहला देने वाले एक मामले में पहले एक व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने कुचला और ...और पढ़ें

नई दिल्ली [गौतम मिश्रा]। पश्चिमी दिल्ली में दिल को दहला देने वाले एक मामले में पहले एक व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने कुचला और आगे बढ़ा। इसके बाद भी उस व्यक्ति की बदकिस्मती खत्म नहीं हुई। उसके उपर से एक के बाद एक वाहन दौड़ते रहे। हालत यह हो गई कि शव के चीथड़े उड़ गए। शव से अंग बाहर आ गए। इस बीच किसी ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षत विक्षत शव के अवशेषों को बरामद कर पहचान के लिए अस्पताल में सुरक्षित रखवा। अब शव अपनी पहचान के लिए तरस रहा है। पुलिस शव की पहचान के प्रयास में जुटी है।
यह मामला पंजाबी बाग थाना क्षेत्र का है। 13 अप्रैल की रात पुलिस जब गश्त पर थी तब सीमेंट साइडिंग के पास से गुजरने वाली सड़क पर एक शौचालय के नजदीक पुलिसकर्मी ने एक शव देखा। शव बुरी तरह कुचला हुआ था। नजदीक पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि शव की पहचान मुश्किल है। शव पर टायर के निशान जगह जगह थे। पुलिसकर्मी ने पहले वहां आसपास किसी चश्मदीद को ढूंढने की कोशिश की ताकि घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। लेकिन वहां कोई चश्मदीद पुलिसकर्मी को नहीं मिला।
इसके बाद पुलिसकर्मी ने तीसरी आंख की मदद लेने की सोची। लेकिन यहां भी बदकिस्मती से आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा पुलिस को नहीं मिला जिससे कि शव की पहचान में मदद मिल सके या उस वाहन का पता चल सके जिसने व्यक्ति को कुचला। फिलहाल शव संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, ताकि पहचान हो सके। पंजाबी बाग थाना पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के सभी थानों से गुमशुदा व्यक्तियों के बारे में जानकारी मांगी है ताकि कुछ मदद मिल सके।
