यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 10, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आतंकियों की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियो ने ली राहत की सांस, पुख्ता सुरक्षा के निर्देश
सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि खुरासान मॉड्यूल के फरार दो आतंकी होली के दौरान वारदात कर सकते हैं।

नई दिल्ली [जेएनएन]। मध्य प्रदेश में भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में धमाके के आरोपी आइएस के खुरासान मॉड्यूल के फरार दो आतंकियों के दिल्ली में घुसने की आशंका के मद्देनजर राजधानी में भी हाइ अलर्ट घोषित किया गया। बृहस्पतिवार दोपहर दोनों को कानपुर से दबोच लेने पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल समेत सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होली त्यौहार के मद्देनजर हाइ अलर्ट जारी रहेगा।
पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने बृहस्पतिवार को मुख्यालय में स्पेशल सेल व स्पेशल ब्रांच समेत सभी अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने आला अधिकारियो को होली त्यौहार तक विशेष रूप से चौकसी बरतने के निर्देश दिए।
मुख्यालय सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि खुरासान मॉड्यूल के फरार दो आतंकी होली के दौरान वारदात कर सकते हैं। लिहाजा संसद भवन व राष्ट्रपति भवन समेत सभी प्रमुख जगहों, मॉल व बड़े मार्केट की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
यह भी पढ़ें: रिश्तों का कत्ल: शादी के खर्च से परेशान चचेरे भाई ने बहन को उतारा मौत के घाट
सभी जिले के डीसीपी को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने जिले में कोई भी चूक न करें। थानाध्यक्षों को कहें कि वे लगातार गश्त करते रहें। किरायेदारों के सत्यापन कराएं। पहाड़गंज व महिपालपुर के सभी होटलों में ठहरने वाले लोगों की जांच करें। इन दोनों इलाके में सैकड़ों की संख्या में होटल हैं, जहां अमूमन आतंकी पनाह लेते है।
सेल को इनपुट मिले थे खुरासान मॉड्यूल के आतंकियो के पास विस्फोटक हो सकते है। क्योंकि गिरफ्तार आतंकियों से सुरक्षा एजेसियों को जानकारी मिली है कि इनकी योजना बाराबंकी,बनारस व सारनाथ के धार्मिक स्थलों में विस्फोट करने की थी। गिरफ्तार आतंकी मोहम्मद फैसल के लैपटॉप से कुछ वीडियो मिले हैं, जिसमें प्रेशर कुकर बम व मोबाइल बम बनाने की जानकारी है।
