Delhi Weather Today: सर्द हवाओं ने फिर कराया ठंड का एहसास, सामान्य से चार डिग्री कम रहा तापमान; दिन में ऐसा रहेगा हाल
Delhi Weather Update Today बीते कई दिनों से निकल रही तेज धूप के बावजूद शुक्रवार की सुबह काफी सर्द रही। पहाड़ों पर पड़ी बर्फ के चलते दिल्ली-एनसीआर में चल रही ठंडी हवाओं ने आज ठिठुरन बढ़ा दी। सुबह का तापमान एक दिन पूर्व की तुलना में और गिरकर सामान्य से चार डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शुकवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज हुआ।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सर्द हवाओं के कारण शुक्रवार की सुबह दिल्ली में फिर ठिठुरन भरी ठंड का एहसास हुआ। हालांकि कोहरा कहीं नहीं दिखा।
सुबह का तापमान एक दिन पूर्व की तुलना में और गिरकर सामान्य से चार डिग्री नीचे दर्ज किया गया। उधर एयरपोर्ट पर दृश्यता का स्तर सामान्य रहा। मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ रहने और धूप भी खिली रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
1800 मीटर दर्ज हुई दृश्यता
शुकवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज हुआ। बुधवार को यह 10.8 डिग्री रहा था। हवाओं के असर से आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह आठ बजे दृश्यता का स्तर 1800 मीटर रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज दिन में आसमान साफ ही रहेगा। धूप भी खिली रहेगी। अधिकतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है।
लोगों ने साफ हवा में ली सांस
दूसरी तरफ तेज हवाओं के असर से शुक्रवार को भी दिल्लीवासियों ने साफ हवा में सांस ली। सुबह 9 बजे दिल्ली का एक्यूआई 149 दर्ज किया गया जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।