मैट्रिमोनियल साइट पर शुरू हुई प्रेम कहानी का यूं हुआ 'दि एंड', सच जानकर आपके भी उड़ जाएंगे होश
पुलिस ने बताया कि गिरीश व मनीषा की शादी के दो महीने तक तो सब ठीक चला, लेकिन हनीमून के कुछ समय बाद दोनों में अनबन शुरू हो गई।
नोएडा (जेएनएन)। दिल्ली से सटे बिसरख कोतवाली क्षेत्र में स्थित गैलेक्सी वेगा सोसायटी में रहने वाले दंपती के शव बंद फ्लैट में मिले हैं। जांच के दौरान पता चला है कि 47 वर्षीय पति ने 30 वर्षीय पत्नी की हत्या सिर पर सिलबट्टा मारकर कर दी। पत्नी की हत्या के बाद वह खुद फांसी के फंदे पर लटक गया। उसने दो पन्ने का सुसाइड नोट लिखा है जो कि पुलिस को मिला है। उसने मौत का कारण पत्नी से विवाद व गृहक्लेश को बताया है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मैटिमोनियल साइट से दो साल पहले हुई थी शादी
पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों का विवाह मैट्रिमोनियल साइट के जरिये दो वर्ष पूर्व हुआ था। गाजियाबाद के इंद्रापुरम का रहने वाला गिरीश भटनागर पत्नी मनीषा कोहली के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गैलेक्सी वेगा सोसायटी की 18वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रह रहा था। गिरीश की अविवाहित बहन भी उनके साथ फ्लैट में कई महीने तक रही थी।
शादी के दो महीने के बाद ही शुरू हो गई थी अनबन
पुलिस ने बताया कि गिरीश व मनीषा की शादी के दो महीने तक तो सब ठीक चला, लेकिन हनीमून के कुछ समय बाद दोनों में अनबन शुरू हो गई। दोनों में विवाद इतना बढ़ गया था कि कई बार तो दोनों के बीच मारपीट भी हुई। विवाद व मारपीट की बात परिजनों तक भी पहुंची। हाल में भी उनके बीच अनबन बनी हुई थी। परिजनों व लोगों का समझाना काम नहीं आ रहा था।
रविवार रात मनीषा के परिजनों ने कई बार फोन किया। फोन नहीं उठा तो मनीषा का भाई गैलेक्सी वेगा सोसायटी पहुंचा। उसने फ्लैट का दरवाजा खटखटाया तो नहीं खुला। किसी अनहोनी की आशंका होने पर वह बिसरख कोतवाली पहुंचा और पुलिस को साथ लेकर फिर सोसायटी पहुंचा।
पुलिस फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई तो देखा कि गिरीश फांसी के फंदे से लटक रहा है और मनीषा का शरीर लहूलुहान है। पूरे फ्लैट में खून के धब्बे पुलिस को मिले। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दंपती के फोन कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
आशीष श्रीवास्तव (एसपी देहात) ने बताया कि जांच में पता चला है कि गिरीश गृहक्लेश के चलते परेशान था। उन्होंने दो पन्ने का सुसाइड नोट भी लिखा है, जो कि मौके से बरामद किया गया है। मामले में अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।