लॉकडाउन: मानवता के सबसे बड़े मिशन पर दिल्ली पुलिस, अब तक 50 लाख लाेगों को बांटा खाना; शाह ने कहा मिलकर जीतेंगे जंग
दिल्ली पुलिस के अनुसार अभी तक पचास लाख शहरी गरीब और बेघर लोगों को खाने का सामान दिया है। वहीं 145 टन सूखा राशन जरूरतमंद लोगों को दिया गया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में लॉकडाउन है। कोरोन के कारण सभी लोग अपने-अपने घरों में हैं। ऐसे में कई बेसहारा और गरीब तबके के लोगों को खाने-पीने में परेशानी ना हो इसके लिए दिल्ली पुलिस लगातार लोगों को खाना खिला रही है। दिल्ली पुलिस के अनुसार अभी तक पचास लाख शहरी गरीब और बेघर लोगों को खाने का सामान दिया है। वहीं 145 टन सूखा राशन जरूरतमंद लोगों को दिया गया है। लॉकडाउन के समय दिल्ली पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे इस काम की अब गृहमंत्रालय भी तारीफ कर रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने इस काम की तारीफ करते हुए दिल्ली पुलिस का हौसला बढ़ाया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस एक ऐसा संगठन है जो अपने आदर्श 'शांति सेवा और न्याय' को पूरी तरह सार्थक करता है। उन्होंने कहा कि हमें इस काम पर बहुत गर्व है। हम सब मिलकर इस लड़ाई को जीतेंगे।
इधर, जी. किशन रेड्डी भारत सरकार में केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री ने भी दिल्ली पुलिस के इस कार्य की काफी तारीफ की है। उन्होंने भी ट्वीट करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस अपने स्थापना (1948) के बाद से अब तक के सबसे बड़े मिशन पर मानवता का परिचय दे रही है। उन्होंने आगे कहा कि मैं इस कोरोना ( COVID19) महामारी के दौरान भोजन पैकेट और जरूरतमंद परिवारों को सूखा राशन पहुंचाने में इन कोरोना वारियर्र के प्रयासों की सराहना करता हूं।
इधर दिल्ली पुलिस के मुखिया कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए धन्यवाद, जो जरूरतमंद लोगों के लिए जुनून के साथ कर रहे हैं।
बता दें कि दिल्ली में लॉकडाउन के बाद से कई सारे संगठन और लोग खाना बना कर जरूरमंद लोगों को बांट रहे हैं। वहीं दिल्ली पुलिस भी इस काम में पूरे तन मन से लगी है कि किसी भी शख्स को भूखा नहीं सोना पड़े। लॉकडाउन के कारण सभी होटल और अन्य खाने-पीने के स्टॉल पूरी तरह बंद हैं। वहीं लोगों के घरों से राशन के सामान नहीं होने की खबर मिलते ही पुलिस खाने का सामान और फल लेकर पहुंच रही है। हालांकि इस दौरान कुछ फर्जी कॉल से भी पुलिस को परेशानी हो रही है।