दिल्ली से सटे इस शहर में हनी ट्रैप का पर्दाफाश, 3 महिलाओं समेत 5 लोग गिरफ्तार
दिल्ली से सटे गुरुग्राम में हनी ट्रैप के जाल में फंसाने वाली महिलाओं के गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह में कई पुरुष भी शामिल हैं।
गुरुग्राम, जेएनएन। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में हनी ट्रैप के जाल में फंसाने वाली महिलाओं के एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह में कई पुरुष भी शामिल हैं। आरोपित के रूप में सेक्टर पांच इलाके से तीन महिलाएं और दो पुरुष गिरफ्तार किए गए हैं। पूछताछ में चार मामलों की जानकारी सामने आ चुकी है। गिरोह में कई अन्य महिलाएं और पुरुष भी शामिल हैं।
27 अप्रैल को हनी ट्रैप का एक मामला सामने आया था। शिवाजी नगर निवासी एक बुजुर्ग के पास 16 अप्रैल को एक महिला ने फोन किया। उसकी बातों से बुजुर्ग को लगा कि उसे किसी प्रकार की सहायता चाहिए। महिला ने उन्हें सेक्टर-9 स्थित एक कमरे में बुला लिया। वहां पर पहले से एक अन्य युवती मौजूद थी। कुछ मिनट बाद युवती ने उन्हें पानी पिलाया। पानी में ही कुछ मिला दिया गया था, जिससे पीते ही वह बेहोश हो गए थे। जब उन्हें होश आया तो वहां पर दो अन्य लोग उपस्थित थे। सभी कहने लगे कि आपने युवती के साथ गलत काम किया है। यदि थाना-पुलिस से बचना है तो तीन लाख रुपये देने होंगे। डर के मारे बुजुर्ग घर आए और पैसे दे दिए।
एक सप्ताह बाद फिर उनसे ढाई लाख रुपये की मांग की गई। परेशान होकर उन्होंने शिवाजी नगर थाने में शिकायत दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकील ने सहायक पुलिस आयुक्त (सिटी) राजीव यादव को विशेष रूप से जांच की जिम्मेदारी सौंपी। मामले में तीन महिलाओं के साथ ही रोहित और प्रिंस नामक युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (सिटी) राजीव यादव ने बताया कि पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया है कि वे अब तक चार लोगों को कमरे में बुलाकर वीडियो बना चुके हैं। वीडियो के आधार पर उनसे समय-समय पर उगाही करते हैं। गिरोह में जितने भी लोग शामिल हैं, सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपितों से कुछ वीडियो भी बरामद किए गए हैं। इससे पता चल सकेगा कि किन-किन लोगों को गिरोह ने अपना शिकार बनाया है। यह भी पता चलेगा कि गिरोह का जाल कहां तक फैला है।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप