पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन से विकास मार्ग पर लगा लंबा जाम, ITO की तरफ जाने से बचें
प्रदर्शन को देखते हुए सुबह से ही आइटीओ चौराहे पर एक तरफ का रूट बंद कर दिया गया था। जिसके बाद लक्ष्मी नगर की ओर से आने वाले मार्ग पर ही वाहन रुक रुक कर चल रहे थे।
नई दिल्ली, [किशन कुमार]। दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में हुए पुलिस और वकील के बीच विवाद के बाद से दिल्ली पुलिस लगातार प्रदर्शन कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को दिल्ली पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन से विकास मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति रही। इस कारण सुबह से ही लोग जाम से जूझते रहे। मिनटों का सफर लोगों को घंटों में तय करना पड़ा। वहीं शाम को आइटीओ की तरफ इनका प्रदर्शन शाम को होगा। इससे उस तरफ भी जाम लगना शुरू हो चुका है। अगर आपको किसी जरूरी काम से नहीं निकलना हो तो आइटीओ की तरफ जानें की ना जाएं। उधर जाने से जाम में फंस सकते हैं।
कई लोगों की छूटी ट्रेन
प्रदर्शन को देखते हुए सुबह से ही आइटीओ चौराहे पर एक तरफ का रूट बंद कर दिया गया था। जिसके बाद लक्ष्मी नगर की ओर से आने वाले मार्ग पर ही वाहन रुक रुक कर चल रहे थे। ऐसे में अपने गंतव्य के लिए निकले लोगों को परेशानी हुई। इसमें कई लोग ऐसे थे जिनकी ट्रेन निकल चुकी थी तो किसी को समय पर अस्पताल पहुंचना था, लेकिन जाम के कारण हर व्यक्ति विवश था।
आईटीओ से दिल्ली गेट तक धीमी हुई वाहनों की रफ्तार
दिन में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ने के बाद आइटीओ से दिल्ली गेट तक वाहनों की रफ्तार कम हो गई थी। ऐसे में दिल्ली गेट से आने वाले कई वाहन चालकों ने रिंग रोड से निकलना बेहतर समझा।
लोगों की प्रतिक्रिया
पिछले 2 घंटे से जाम में फंसा हूँ, इस कारण ट्रेन भी निकल गई है, अब अन्य ट्रेन से गांव जाऊंगा।
- धर्मेंद्र
- इस प्रदर्शन के बारे में जानकारी नहीं थी ऐसे में विकास मार्ग से आ गया, लेकिन यहां आकर जाम में फंस गया।
- हरि नारायण
मादीपुर जाना था, समय पर पहुंचने के लिए घर से जल्दी निकला था, लेकिन प्रदर्शन के कारण देरी हो गई।
- विजय
- कनॉट प्लेस जाना है, लेकिन कुछ मिनटों की दूरी घण्टों में बदल गई।
-सीमा