Move to Jagran APP

दिल्ली में लू के थपेड़े और 47.8 डिग्री का टॉर्चर, घरों में कैद रहे लोग; जानिए सप्ताह भर कैसी रहेगी गर्मी

Delhi Weather Forecast दिल्ली में झुलसा देने वाली गर्मी का दौर रविवार को भी जारी रहा। लू के थपेड़ों और तेज धूप में लोग छुट्टी के दिन भी घर में ही कैद रहने को मजबूर रहे। आलम यह रहा कि दिन ही नहीं सुबह भी इस सीजन की सबसे गर्म रही। मौसम विभाग के मुताबिक हाल-फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं हैं।

By sanjeev Gupta Edited By: Geetarjun Sun, 19 May 2024 08:46 PM (IST)
दिल्ली में लू के थपेड़े और 47.8 डिग्री का टॉर्चर, घरों में कैद रहे लोग; जानिए सप्ताह भर कैसी रहेगी गर्मी
दिल्ली में लू के थपेड़े और 47.8 डिग्री का टॉर्चर, घरों में हो रहे लोग।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में झुलसा देने वाली गर्मी का दौर रविवार को भी जारी रहा। लू के थपेड़ों और तेज धूप में लोग छुट्टी के दिन भी घर में ही कैद रहने को मजबूर रहे। आलम यह रहा कि दिन ही नहीं, सुबह भी इस सीजन की सबसे गर्म रही। मौसम विभाग के मुताबिक हाल-फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं हैं। भीषण गर्मी और लू चलने का रेड एवं येलो अलर्ट भी अभी जारी रहेगा।

रविवार को दिल्ली में आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप खिली रही। ज्यादातर इलाकों में लू की स्थिति बनी रही। हवा की गति 25 किमी प्रति घंटे तक रही। गर्म हवा के थपेड़ों ने भी बेहाल किए रखा। अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन भी है।

एक दिन पहले शनिवार को यह 43.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। यह भी इस सीजन में सर्वाधिक है।

कैसा रहेगा अगले सप्ताह मौसम

मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी नरेश कुमार ने कहा कि आमतौर पर मई सबसे गर्म महीना माना जाता है। यदि इस सीजन में उत्तर भारत के हिस्सों में वर्षा नहीं होती है, तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाता है। अनुमान है कि दिल्ली में भीषण गर्मी की यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रहेगी।

सामान्य से सात डिग्री तक ज्यादा रहा तापमान

रविवार को पीतमपुरा, मुंगेशपुर व नजफगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री ज्यादा रहा। जबकि राजघाट क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो राजधानी में सबसे ज्यादा है।

पांच दिन में चार डिग्री चढ़ा राजधानी का तापमान

15 मई- 40.6 डिग्री सेल्सियस

16 मई- 41.2 डिग्री सेल्सियस

17 मई- 42.5 डिग्री सेल्सियस

18 मई- 43.6 डिग्री सेल्सियस

19 मई- 44.4 डिग्री सेल्सियस

सामान्य से सात डिग्री ज्यादा रहा यहां का तापमान

नजफगढ़- 47.8 डिग्री सेल्सियस

मुंगेशपुर- 47.7 डिग्री सेल्सियस

पीतमपुरा- 47.0 डिग्री सेल्सियस

47.8 डिग्री के साथ नजफगढ़ सबसे गर्म इलाका

रविवार को दिल्ली का सबसे गर्म इलाका नजफगढ़ रहा। नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मुंगेशपुर और पीतम पुरा दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे। आयानगर, पालम और रिज में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.4 डिग्री सेल्सियस, 45.1 और 45.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

दो दिन का रेड और दो दिन का ऑरेंज अलर्ट

दिल्ली के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी ज्यादातर इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी। हवा की गति भी 25 से 35 किमी प्रति घंटे तक की रहेगी। इसके चलते लू के थपेड़ों का अहसास और भी ज्यादा होगा। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए रेड अलर्ट और बुधवार एवं बृहस्पतिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।