Move to Jagran APP

Delhi: वैष्णो देवी का टूर कराने के नाम महिलाओं को ठगने वाला हरियाणा से गिरफ्तार, साली के QR कोड पर मंगाता रकम

Delhi Crime News टूर पैकेज के नाम धोखाधड़ी करने वाले को दिल्ली पुलिस ने हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाओं को सस्ते दामों में वैष्णो देवी का टूर कराने का झांसा देता था। वह घर बैठे अब तक 50 महिलाओं को ठग चुका था।

By Jagran NewsEdited By: GeetarjunSun, 26 Mar 2023 05:32 PM (IST)
Delhi: वैष्णो देवी का टूर कराने के नाम महिलाओं को ठगने वाला हरियाणा से गिरफ्तार, साली के QR कोड पर मंगाता रकम
वैष्णों देवी का टूर कराने के नाम महिलाओं को ठगने वाला हरियाणा से गिरफ्तार।

नई दिल्ली, पीटीआई। टूर पैकेज के नाम धोखाधड़ी करने वाले को दिल्ली पुलिस ने हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाओं को सस्ते दामों में वैष्णो देवी का टूर कराने का झांसा देता था। वह घर बैठे अब तक 50 महिलाओं को ठग चुका था। पुलिस ने महिला की धोखाधड़ी की शिकायत पर उसे गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि हरियाणा के पानीपत का रहने वाला मधुर कुमार(36) भक्तों द्वारा बनाए गए कई फेसबुक समूहों का हिस्सा बन गया और अपने फर्जी टूर पैकेज से लोगों को लुभाने के लिए लुभावने संदेश पोस्ट करता था। पुलिस ने कहा कि वह त्योहारों के मौसम में पीड़ितों को निशाना बनाता था। सबसे ज्यादा वह नवरात्रि में लोगों को धोखा देता था।

उन्होंने बताया कि यह मामला फरवरी में तब सामने आया, जब दिल्ली की एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे एक फेसबुक ग्रुप पर वैष्णो देवी के टूर पैकेज के बारे में एक संदेश मिला। वह 1300 रुपये में एक व्यक्ति को टूर ऑफर देता था, जिसमें किराया और खाना शामिल था।

साथ ही महिला को आश्वासन दिया गया कि बस की यात्रा खत्म होने के बाद उसे अंतिम गंत्वय तक घोड़े से पहुंचाया जाएगा। पुलिस ने कहा कि इसलिए महिला एक ग्रुप पर एक मैसेज भेजा गया, जिसमें क्यूआर कोड था। जिसके जरिए उसने राशि जमा कर दी।

जब शिकायतकर्ता 24 अन्य महिलाओं के साथ 17 फरवरी को शाहदरा मेट्रो स्टेशन के पास एक फ्लाईओवर पर पहुंची, तो आयोजक और बस वहां नहीं थे। पुलिस ने कहा कि महिलाओं ने आयोजक से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनका नंबर स्विच ऑफ आ रहा था।

पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) रोहित मीणा ने कहा कि महिलाओं की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी सबूतों के जरिए पुलिस ने उसका पता लगाया और पानीपत से उसको उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि आसान तरीके से पैसा कमाने के लिए वह भक्तों, जिनमें खासकर महिलाएं शामिल होती थीं, उन्हें ठगी का शिकार बनाता था। क्यूआर कोड कुरुक्षेत्र में रहने वाली उसकी साली तनु का था। तनु से ठगी की रकम यूपीआई के जरिए विभिन्न खातों में पहुंचाई गई।

डीसीपी ने कहा कि इसके बाद आरोपियों ने उनसे नकदी में पैसे लिए। पुलिस ने कहा कि अपराध में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिसमें पांच लाख से अधिक की धनराशी का पता चला है।