यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi: पूजा के अधिकार मामले में जैन ने रखा देवी-देवताओं व भक्तों का पक्ष, 17 जुलाई अगली तारीख
कुतुबमीनार परिसर में पूजा के अधिकार वाली याचिका पर सुनवाई की अनुमति वाली याचिका पर पर सुनवाई हुई। हरिशंकर जैन ...और पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली, जागरण संवाददाता। साकेत कोर्ट के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार के समक्ष सोमवार को कुतुबमीनार परिसर में पूजा के अधिकार वाली याचिका पर सुनवाई की अनुमति वाली याचिका पर पर सुनवाई हुई। इस दौरान अधिवक्ता हरिशंकर जैन ने हिंदू देवी देवताओं की मूर्तियों और भक्तों का पक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने अदालत से कहा कि देवता और भक्त आपस में जुड़े हुए हैं। जहां देवता हैं वहां भक्त होंगे ही होंगे।
17 जुलाई सुनवाई की अगली तारीख
यदि भक्त नहीं होंगे तो देवताओं को भोग कौन लगाएगा? जैन ने सोमवार को मामले में सुनवाई क्यों होनी चाहिए, इस पर प्रकाश डाला। इसके बाद कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई की तारीख 17 जुलाई दे दी। 17 जुलाई को एएसआइ की ओर से अधिवक्ता सुभाष गुप्ता अपना पक्ष रखेंगे।
गौरतलब है कि सोमवार को याचिका पर सुनवाई के दौरान जिला न्यायाधीश ने जैन से पूछा कि आखिर पूजा के अधिकार की मांग वाली याचिका पर सुनवाई क्यों होनी चाहिए। आखिर मामले में काज आफ एक्शन क्या है? इस पर जैन ने कहा कि 27 मंदिरों को तोड़ने के बाद वर्तमान ढांचा बनाए जाने की बात सभी को पता है। मंदिरों को तोड़ने से देवताओं का आवास छिन गया और वह अपमानजनक स्थिति में कुतुबमीनार परिसर में पड़े हुए हैं।
देवी-देवता और भक्त परस्पर जुड़े हैं
इसके चलते भक्तों को पूजा का अधिकार नहीं मिल पा रहा है। देवताओं को उचित आवास और भक्तों उनके पूजा का अधिकार वापस दिलाने के लिए उन्होंने यह याचिका दाखिल की है और इसलिए मामले में सुनवाई चाहते हैं। हालांकि उनका यह उद्देश्य बिल्कुल भी नहीं है कि वर्तमान ढांचे में किसी भी तरह का ध्वस्तीकरण किया जाए। वह केवल देवताओं की मूर्तियों को अपमानजनक स्थिति से निकालकर उचित स्थिति में स्थापित कराना चाहते हैं।
इस दौरान जैन ने यह भी कहा कि हमारे देवी-देवता और भक्त परस्पर जुड़े हुए हैं। जहां देवता हैं वहां भक्त होंगे ही होंगे। यदि भक्त नहीं होंगे तो देवताओं को भोग कौन लगाएगा? पूजा आराधना कौन करेगा? उन्होंने कहा कि यदि देवताओं के निवास के मूल अधिकार का उल्लंघन होता है तो इससे भक्त भी प्रभावित होते हैं।
यदि भक्तों को पूजा का अधिकार नहीं मिलता है तो इससे देवताओं के पूजा करवाने का अधिकार भी प्रभावित होता है। इसके बाद एएसआइ की ओर से अधिवक्ता सुभाष गुप्ता ने संक्षिप्त में अपनी बात रखी। फिलहाल इस पूरे मामले में अपना विस्तृत पक्ष वह अगली तारीख यानी 17 जुलाई को रखेंगे।