Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बनारस और अयोध्या की तर्ज पर दिल्ली में होगा भव्य दीपोत्सव, यमुना के वासुदेव घाट पर जलेंगे दो लाख से अधिक दीये

    Updated: Thu, 31 Oct 2024 03:43 PM (IST)

    दिल्ली में बनारस और अयोध्या की तर्ज पर होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। 14 नवंबर को यमुना के वासुदेव घाट पर दो लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे। लेजर शो से भगवान राम की झांकी दर्शाई जाएगी तो ड्रोन शो से पुष्प वर्षा और माल्यार्पण भी किया जाएगा। सुरक्षा कारणों और भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर दीपोत्सव में जनभागिता निमंत्रण पत्र से होगी।

    Hero Image
    बनारस और अयोध्या की तर्ज पर दिल्ली में होगा भव्य दीपोत्सव।

    संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। बनारस और अयोध्या की तर्ज पर इस साल दिल्ली में भी दीपोत्सव देखने को मिलेगा। इसमें दीयों की संख्या भले ही उतनी न हो, लेकिन श्रद्धा एवं उत्साह का भाव कमोबेश वैसा ही होगा। खास बात यह कि इस उत्सव में समाज के हर वर्ग की भागीदारी और विशिष्ट एवं अति विशिष्ट लोगों की उपस्थिति भी रहेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानकारी के मुताबिक दिल्ली दीप उत्सव के नाम से इस दीपोत्सव का आयोजन देव दीपावली पर 14 नवंबर को यमुना के वासुदेव घाट पर किया जाएगा। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा विकसित इस घाट पर एलजी वीके सक्सेना कुछ महीने पहले यमुना की आरती भी शुरू करवा चुके हैं। यह आरती हर मंगलवार एवं रविवार शाम होती है। उन्हीं के प्रयासों से अब इस घाट पर दीपोत्सव की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है।

    दो लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे, ड्रोन शो से पुष्प वर्षा

    बताया जाता है कि दीपोत्सव में दो लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे। लेजर शो से भगवान राम की झांकी दर्शाई जाएगी तो ड्रोन शो से पुष्प वर्षा और माल्यार्पण भी किया जाएगा। यह आयोजन शाम छह बजे के लगभग शुरू होगा और रात साढ़े सात - आठ बजे तक चलेगा। समापन पर बाकायदा प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था होगी। हालांकि सुरक्षा कारणों और भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर दीपोत्सव में जनभागिता निमंत्रण पत्र से होगी।

    एलजी दीपोत्सव के भव्य तरीके से आयोजन के इच्छुक

    वासुदेव घाट पर यमुना आरती का जिम्मा संभाल रही बड़ी पंचायत वैश्य बीसे अग्रवाल संस्था के प्रधान संजय सिंघल ने बताया कि चूंकि एलजी साहब दीपोत्सव के भव्य तरीके से आयोजन के इच्छुक हैं, इसलिए इसे यादगार बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

    दीपोत्सव का यह आयोजन इसी बार नहीं, अब हर साल किया जाएगा। इस साल इसमें जन-सहभागिता सीमित संख्या में होगी, लेकिन अगले सालों में इसका दायरा भी और बढ़ाया जाएगा। भविष्य में लोगों को दीपोत्सव में शामिल होने के लिए बनारस अथवा अयोध्या नहीं जाना पड़ेगा। इसकी भव्यता व बेहतर आयोजन के लिए दीवाली के बाद एक बैठक भी की जाएगी। - वीके सक्सेना, उपराज्यपाल, दिल्ली

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में दीवाली पर BJP को बड़ा झटका, दिग्गज नेता और तीन बार के MLA ने थामा AAP का दामन

    यह भी पढे़ं- 'आयुष्मान योजना करोड़ों देशवासियों के लिए फायदेमंद, आपकी प्रचार की भूख...'; AAP सरकार पर जमकर बरसे उपराज्यपाल