Good News: ऐतिहासिक लालकिले के म्यूजियम में देख सकेंगे सभी तरह के हथियार, आप भी ऐसे ले सकते हैं हिस्सा
सभी तरह के हथियारों को प्रदर्शित करने वाले एक विशाल म्यूजियम की कमी थी जो लालकिले में बनने वाला म्यूजियम पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के पास यदि कोई पुराना हथियार है जो म्यूजियम में रखा जा सकता है।
नई दिल्ली [नीलू रंजन]। देश की संप्रभुता के प्रतीक लालकिले में आर्म्स म्यूजियम खुलेगा। इसमें भारत में प्राचीन काल से प्रयुक्त हो रहे हथियारों को प्रदर्शित किया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार इस म्यूजियम का उद्देश्य भारत में विभिन्न काल खंड और विभिन्न भागों में उपयोग होने वाले हथियारों की विकासगाथा को दर्शाना है।
संस्कृति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार फिलहाल देश में अलग-अलग म्यूजियम में पुराने, मध्ययुगीन और आधुनिक हथियारों को प्रदर्शित किया गया है। पुलिस, सेना, नौसेना और वायुसेना के भी अपने- अपने म्यूजियम हैं। लेकिन सभी तरह के हथियारों को प्रदर्शित करने वाले एक विशाल म्यूजियम की कमी थी, जो लालकिले में बनने वाला म्यूजियम पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के पास यदि कोई पुराना हथियार है, जो म्यूजियम में रखा जा सकता है, तो उसे नये म्यूजियम में इसे रखने की इजाजत दी जाएगी।
संस्कृति मंत्रालय के अधिकारी के अनुसार भारत जैसे विशाल देश में विभिन्न भागों में राजे-रजवाड़ों का लंबा कालखंड रहा है। उनकी अलग-अलग सेना में अलग-अलग तरह से बनाए गए हथियारों के प्रयोग होते थे। उन राजे-रजवाड़ों की सेना में तैनात सैनिक व सैन्य अफसरों के परिवारों के पास अब भी उस जमाने के हथियार मौजूद हैं। उनमें से बहुत से ऐसे परिवार भी हैं, जिनके लिए ऐसे पुराने और दुर्लभ हथियारों को संजोकर रखना मुश्किल हो सकता है। ऐसे सभी हथियारों को नए आर्म्स म्यूजियम में जगह मिलेगी और उसमें इसका इस्तेमाल करने वाले पूर्वज की जानकारी दी जाएगी।
आर्म्स म्यूजियम खोले जाने की तारीख पूछे जाने पर वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इसके लिए लालकिले के अंदर निर्माण कार्य किया जाना है, जिसके इसी साल पूरा होने की उम्मीद है। एक बार म्यूजियम का निर्माण होने के बाद उसमें पुराने हथियारों को रखने का काम शुरू किया जाएगा। पूरी तैयारियों के बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हथियारों में रुचि रखने वाले लोग बड़ी संख्या में इस म्यूजियम को देखने आ सकते हैं।