गाजियाबाद में बना अलग तरह का फ्लाइओवर, एक लाख वाहनों को मिलेगी जाम से राहत
राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है। एक जुलाई से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे लोगों को राहत मिलेगी।
गाजियाबाद, जेएनएन । राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर जाम के झाम से जूझ रहे लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। गाजियाबाद से मेरठ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए फ्लाईओवर को एक जुलाई से खोल दिया जाएगा। इससे राजनगर एक्सटेंशन में लगने वाले जाम से किसी हद तक मुक्ति मिलेगी। राजनगर एक्सटेंशन चौराहे के फ्लाईओवर पर एक जुलाई से वाहन दौड़ेंगे। इस फ्लाईओवर के जरिये वाहन गाजियाबाद से मेरठ की ओर जा सकेंगे। इसी सप्ताह फ्लाईओवर की फिनिशिंग का काम पूरा हो जाएगा।
एक जुलाई को इसे जनता के लिए खोल देंगे। इससे राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल जाएगी। शहर में दिल्ली-मेरठ रोड पर राजनगर एक्सटेंशन चौराहा सबसे व्यस्त जाम प्वाइंट है। यहां जीडीए सेतू निगम से दो फ्लाईओवर का निर्माण करा रहा है। इसमें एक फ्लाईओवर का काम लगभग पूरा हो गया है।
प्रतिदिन गुजरते हैं करीब 80 हजार से एक लाख वाहन
दिल्ली-मेरठ रोड पर सबसे ज्यादा वाहनों का दबाव है। यह मार्ग दिल्ली से सीधे मेरठ, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, देहरादून यानी तीन राज्यों को आपस में जोड़ता है। इस मार्ग पर सर्वाधिक नौकरीपेशा, विद्वार्थी व घूमने के लिए उत्तराखंड जाने वाले लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 80 हजार से लेकर एक लाख अनुमानित वाहन गुजरते हैं। फ्लाईओवर के चालू होने से एक ओर जाम में फंसने वाले लोगों के साथ ही वाहनों का दबाव चौराहे पर कम होगा।
अलग तरह का है डिजाइन
राजनगर एक्सटेंशन चौराहे पर जाम की समस्या को देखते हुए जीडीए ने फ्लाईओवर का निर्माण शुरू कराया था। फ्लाईओवर की लंबाई 538 मीटर है। इसकी डिजाइन अलग तरह की है, जिसे आइआइटी रुड़की ने तैयार किया था। ज्यादा फ्लाईओवर के दोनों हिस्से साथ जुड़े होते हैं।
यहां बन रहे फ्लाईओवर के तीन-तीन लेन के दोनों हिस्से अलग हैं। बीच में से रैपिड रेल का कॉरिडोर बनाया जाएगा। यही वजह है कि सेतु निगम ने मेरठ तिराहे से मेरठ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए फ्लाईओवर का हिस्सा पहले बनाया। जो कि लगभग तैयार हो चुका है। दस दिन में ब्लैकटॉप बिछाने का काम हो जाएगा। 15 से 20 जून के बीच इसे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके खुलने से मेरठ, हरिद्वार, देहरादून, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व मसूरी की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को लाभ मिलेगा।
मेरठ से आने वाले वाहनों को करना होगा इंतजार
मेरठ से आने वाले वाहनों के लिए दूसरी ओर के फ्लाईओवर खुलने में थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। वहीं मेरठ से दिल्ली की तरफ जाने वाले मार्ग का फ्लाईओवर दिसंबर में पूरा होने की उम्मीद है। इसका काम भी तेजी के साथ चल रहा है। दूसरे फ्लाईओवर को खोलने के बाद ही दोनों फ्लाईओवर का उद्घाटन कराया जाएगा।
काम हो चुका है पूरी: वर्मा
जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन चौराहा के फ्लाईओवर का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसी सप्ताह इसे लाइटिंग के साथ इसे पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा। इसे एक जुलाई से वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप