राजधानी में एक तिहाई से ज्यादा व्यस्क आबादी का हुआ पूर्ण टीकाकरण
दिल्ली में 18 साल की उम्र वाली करीब 75 फीसद से अधिक आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है। बता दें कि पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन होने वाले टीकाकरण का आंकड़ा औसतन डेढ़ से दो लाख तक रहता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजधानी में 50 लाख से ज्यादा लोगों को टीके की दूसरी डोज लगने के साथ ही एक तिहाई से ज्यादा व्यस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण हो गया है। बुधवार को रात्रि आठ बजे तक कुल 50 लाख 87 हजार 530 लोगों को टीके की दूसरी डोज लग चुकी है। जो कुल वयस्क आबादी एक करोड़ 49 लाख का 34 फीसद है। पिछले 24 घंटे में एक लाख 76 हजार लोगों को टीका लगा। इससे पहली व दूसरी दोनों डोज मिलाकर कुल एक करोड़ 65 लाख 87 हजार 693 लोगों को टीका लग चुका है।
कुल एक करोड़ 65 लाख से ज्यादा लोगों को लगा टीका
वहीं, दिल्ली में 18 साल की उम्र वाली करीब 75 फीसद से अधिक आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है। बता दें कि पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन होने वाले टीकाकरण का आंकड़ा औसतन डेढ़ से दो लाख तक रहता है। इस वजह से दिल्ली में टीकाकरण ने गति पकड़ी है।
अभी टीके की 12 लाख से अधिक डोज उपलब्ध
दिल्ली में अभी टीके की 12 लाख से अधिक डोज उपलब्ध है। इसलिए टीकाकरण की रफ्तार आगे भी बरकरार रहने की उम्मीद है। राजधानी में फिलहाल 1277 टीकाकरण केंद्रों पर टीकाकरण हो रहा है। इनमें 1099 टीकाकरण केंद्र सरकारी हैं, जबकि 178 निजी हैं। उल्लेखनीय है कि देश में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान की शुरूआत हुई थी, तभी से राजधानी में भी टीकाकरण हो रहा है। बीच के कुछ महीनों में टीके की कमी के चलते टीकाकरण की गति धीमी हो गई थी।