यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
PM मोदी और गृहमंत्री के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट करने पर AAP के खिलाफ चार केस दर्ज, FIR में केजरीवाल का भी नाम
आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। ...और पढ़ें

HighLights
- प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट करने पर चार केस दर्ज।
- नई दिल्ली जिला के नॉर्थ एवेन्यू थाने में दर्ज की गई चारों एफआईआर।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंटरनेट मीडिया पर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के बारे में आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करने के मामले में नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक के खिलाफ चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है।
एफआईआर में कहा गया है कि इंटरनेट मीडिया पर किए गए पोस्ट में प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को निशाना बनाते हुए भड़काऊ टिप्पणी की गई है। आम आदमी पार्टी द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी करना चुनावी नैतिकता और लोकतांत्रिक मर्यादा का गंभीर उल्लंघन है।
इन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज
आम आदमी पार्टी, उसके संयोजक और पदाधिकारियों ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 175, 336(2), 336(4), 353 और 299, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी, 66डी के तहत दंडनीय अपराध किए हैं। इन अपराधों के अलावा उन्होंने आदर्श आचार संहिता का भी उल्लंघन किया है। एफआईआर में कहा गया है कि आप की इंटरनेट मीडिया रणनीति जानबूझकर इन अनुचित और अनधिकृत एनिमेटेड प्रस्तुतियों के माध्यम से जनता की भावनाओं को भड़काने के लिए बनाई गई है।
केजरीवाल के खिलाफ मामला दर्ज
दूसरी एफआईआर 13 जनवरी को आप और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दर्ज की गई है। इस एफआईआर में कहा गया है इंटरनेट मीडिया पोस्ट जो आम आदमी पार्टी द्वारा बनाई और साझा की गई, उसमें गृहमंत्री की विकृत और मनगढ़ंत आवाज शामिल है जो गलत सूचना फैलाती है और इसे आम आदमी पार्टी, इसके संयोजक द्वारा प्रसारित किया गया है।
नफरत फैलाने का आरोप
पोस्ट के जरिए नफरत फैलाने और दिल्ली के नागरिकों के बीच सांप्रदायिक सद्भाव को नष्ट करने की कोशिश की गई। गृहमंत्री की प्रतिष्ठा को धूमिल करने की कोशिश की गई। आप ने एनिमेटेड सामग्री बनाकर और प्रसारित करके राजनीतिक प्रवचन की सभी सीमाओं को पार कर दिया। गृह मंत्री के एनिमेटेड कैरिकेचर बनाने का यह कार्य राजनीतिक औचित्य का घोर उल्लंघन है।
विशेष रूप से पीएम को बनाया निशाना
तीसरी एफआईआर में कहा गया है कि नौ और 10 जनवरी को किए गए पोस्ट में विशेष रूप से प्रधानमंत्री को लक्षित करने और उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया गया। उक्त पोस्ट भी आम आदमी पार्टी द्वारा बनाया और साझा किया गया था, जिसमें प्रधान मंत्री की विकृत और मनगढ़ंत तस्वीर शामिल है जो गलत सूचना फैलाती है और इसे आम आदमी पार्टी, उसके संयोजक और अधिकारियों द्वारा नफरत फैलाने के इरादे से प्रसारित किया गया।
चौथी FIR में किसका नाम
आप से जुड़े एक्स अकाउंट के खिलाफ चौथी एफआईआर में राम गुप्ता नाम के व्यक्ति का जिक्र है जिसने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास को 'राजमहल' बताया। एफआईआर में कहा गया है कि प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास में प्रधानमंत्री के सूट, जूते, चश्मा, स्कार्फ आदि रखने के लिए अलग-अलग लक्जरी कमरे हैं।
यह भी दावा किया गया कि प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के नवीनीकरण में 2,700 करोड़ रुपये खर्च किये गये। उक्त ट्वीट पूरी तरह से फर्जी और मनगढ़ंत है और समाज में झूठ फैलाने और लोगों को गुमराह करने के लिए किया गया। ऐसा ट्वीट न केवल देश के लोगों को गुमराह कर रहा है बल्कि प्रधानमंत्री के लिए भी अपमानजनक है। राम गुप्ता अपने सत्यापित ट्विटर हैंडल पर उक्त ट्वीट के माध्यम से प्रधान मंत्री के खिलाफ झूठी कहानी बनाने की कोशिश की।
