यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Indira Gandhi Death Anniversary: पुण्यतिथि पर याद की गईं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी
प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी और पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज सहित विभिन्न नेताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें ...और पढ़ें

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी और पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज सहित विभिन्न नेताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। इस दौरान चौधरी ने देश के विकास में इंदिरा के योगदान को याद किया और सभी से उनके दिखाए रास्ते पर चलने का आहवान किया।
दूसरी तरफ भारतीय युवा कांग्रेस ने इस अवस पर विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम कर रही महिलाओं का सम्मान किया और लोह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने कहा कि अपने फौलादी व्यक्तित्व और सकारात्मक दृष्टिकोण की वजह से इंदिरा गांधी को विश्व में सबसे ताकतवर महिलाओं की श्रेणी में गिना जाता है। भारतीय राजनीति में उनके निर्णयों को मिसाल के तौर पर देखा जाता है। इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और दिल्ली प्रभारी भईया पवार, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव, राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली सह प्रभारी खुशबू शर्मा, राष्ट्रीय सचिव अजय चिकारा, प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रणविजय सिंह लोचव समेत अनेक युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
काम्पेक्टर मशीन लगाने के लिए मिले जमीन: अनिल
वहीं, बुराड़ी वार्ड में घरों से निकलने कूड़ों के निस्तारण के लिए काम्पेक्टर मशीन लगाने के लिए नगर निगम के पास से जमीन नहीं है। बुराड़ी इलाके में दिल्ली सरकार के पास ग्राम सभा की कई एकड़ जमीन खाली पड़ी है। ऐसे में दिल्ली सरकार को ग्राम सभा की जमीन उपलब्ध करानी चाहिए। यह बातें बुराड़ी वार्ड के भाजपा पार्षद अनिल त्यागी ने कही। वे वार्ड में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव को लेकर पूरे वार्ड में फागिंग कराई जा रही है। लेकिन, कूड़े का निस्तारण बड़ी समस्या है। ऐसे में कूड़ा सड़क किनारे अस्थायी रूप से डाला जाता है। वार्ड में काम्पेक्टर मशीन लगने पर यह समस्या नहीं रह जाएगी। इसके लिए कई बार मुख्यमंत्री, उप राज्यपाल से लेकर सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर ग्राम सभा की जमीन नगर निगम को देने की मांग की जा चुकी है। लेकिन अब तक जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा सका है। उन्होंने कहा कि जमीन उपलब्ध नहीं कराये जाने के कारण मजबूरी में सड़क किनारे कूड़ा फेंका जाता है, जिससे इलाके के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
