Move to Jagran APP

दिल्ली हाई कोर्ट के पूर्व न्यायधीश मूलचंद गर्ग भाजपा में शामिल, भूपेंद्र यादव ने दिलाई सदस्यता

दिल्ली और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के पूर्व न्यायधीश मूलचंद गर्ग और डीडीए इंजीनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

By Mangal YadavEdited By: Published: Wed, 21 Aug 2019 04:53 PM (IST)Updated: Wed, 21 Aug 2019 09:39 PM (IST)
दिल्ली हाई कोर्ट के पूर्व न्यायधीश मूलचंद गर्ग भाजपा में शामिल, भूपेंद्र यादव ने दिलाई सदस्यता
दिल्ली हाई कोर्ट के पूर्व न्यायधीश मूलचंद गर्ग भाजपा में शामिल, भूपेंद्र यादव ने दिलाई सदस्यता

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली और मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के पूर्व न्यायधीश मूलचंद गर्ग, डीडीए इंजीनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष परम यादव और गंगा राम अस्पताल के डॉ सुरेश सिंघवी बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इनके अलावा कई अन्य लोग भी भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा के महामंत्री भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू और सांसद गौतम गंभीर ने इन सभी का पार्टी में स्वागत किया।

loksabha election banner

सदस्यता अभियान से भाजपा दिल्ली में जनाधार बढ़ाने में सफल रही है। मंगलवार को सदस्यता अभियान का आखिरी दिन था। करीब डेढ़ माह चले अभियान में पार्टी ने 17 लाख नए लोगों को जोड़ा है। पहले से पार्टी के दस लाख प्राथमिक सदस्य थे। इस तरह से अब दिल्ली में करीब 27 लाख प्राथमिक सदस्य हो गए हैं। पार्टी का ध्यान अब सक्रिय सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर है, जिससे संगठनात्मक कार्य को गति मिल सके।

दस लाख नए सदस्य बनाने का दिया गया था लक्ष्य 
दिल्ली भाजपा को दस लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया था। इस लक्ष्य से सात लाख ज्यादा सदस्य बनाए गए हैं। छह जुलाई से शुरू हुआ अभियान 11 अगस्त तक चलना था, लेकिन बाद में इसकी तिथि 20 अगस्त तक बढ़ा दी गई। भाजपा नेताओं का कहना है कि कई कारणों से सदस्यता अभियान बीच में बाधित हुआ था, जिसे ध्यान में रखकर इसकी तिथि आगे बढ़ाई गई थी। 11 अगस्त से पहले लक्ष्य पूरा हो गया था। मोदी सरकार की नीतियों और जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35 ए हटाने के फैसले से लोगों में भाजपा से जुड़ने को लेकर उत्साह है।

नए सदस्यों को जोड़ने में इनका अहम योगदान
प्रदेश महामंत्री कुलजीत चहल को सदस्यता अभियान प्रमुख और हर्ष मल्होत्र को सह प्रमुख बनाया गया था। प्रत्येक मंडल व जिला स्तर पर प्रभारी व सह प्रभारी बनाए गए थे। चहल ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने पूरी दिल्ली में जनसंपर्क किया। सक्रिय सदस्य बनने के लिए जरूरी है कि आवेदक ने कम से कम 50 प्राथमिक सदस्य बनाए हों। दिल्ली में 22 हजार सक्रिय सदस्य हैं, जिनकी संख्या 40 से 50 हजार करने की कोशिश है। यह काम अगस्त में पूरा कर लिया जाएगा, जिससे कि सितंबर में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सके।

वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि पार्टी की तरफ से निर्धारित लक्ष्य को बहुत पहले हासिल कर लिया गया था। हर वर्ग के लोग भाजपा के साथ जुड़ना चाहते हैं। पहली बार वोट करने वालों में विशेष उत्साह था।

आप व कांग्रेस छोड़ कई लोग भाजपा में हुए शामिल
आप व कांग्रेस के नेताओं के साथ ही करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के कई लोग भाजपा में शामिल हुए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और पूर्व विधायक कपिल मिश्र ने उनका पार्टी में स्वागत किया। तिवारी ने कहा कि भाजपा की नीतियां कारगर और असरदार हैं। लोग केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के फैसलों और योजनाओं से खुश हैं। यही कारण है कि लोगों में भाजपा से जुड़ने को लेकर उत्साह है।

दूसरी पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। भाजपा की सदस्यता लेने वालों में आप के निगम प्रत्याशी एवं वार्ड अध्यक्ष विनीत झा, वार्ड चेयरमैन मनोज चौधरी, वार्ड अध्यक्ष उपेंद्र चौहान, वार्ड अध्यक्ष रंजीत झा, विधानसभा ग्रामीण मोर्चा अध्यक्ष बदले राम, विधानसभा ग्रामीण मोर्चा सचिव प्रवीण डेढा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष अजीज खान, समिति अध्यक्ष अवनीश शर्मा, अजय अग्रवाल, कांग्रेस के मंडल कार्यकर्ता संजय अग्रवाल, अशोक चौधरी, समाजसेवी सीमा पराशर आदि शामिल हैं।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.