कपिल मिश्रा ने थामा भाजपा का दामन, कहा- अब खुल कर भारत माता की जय बोल सकेंगे
Kapil Mishra joins BJP आम आदमी पार्टी से खफा कपिल मिश्रा ने शनिवार की सुबह भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Kapil Mishra joins BJP: आम आदमी पार्टी से खफा कपिल मिश्रा ने शनिवार की सुबह भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और राज्यसभा सदस्य नेता विजय गोयल की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा है।
बता दें कि कपिल मिश्रा काफी समय से आम आदमी पार्टी से नाराज चल रहे थे। शनिवार को भाजपा में आप के पूर्व विधायक कपिल मिश्रा, आप की प्रवक्ता ऋचा पांडेय सहित कई आप नेता व कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा है।
कपिल ने केजरीवाल सरकार को कहा भ्रष्ट
वहीं कपिल मिश्रा ने कहा कि लगभग दो साल तक पार्टी में रहते हुए भ्रष्ट सरकार का विरोध करना आसान नहीं था। अन्ना के साथ जिन भृष्टाचारियों का विरोध किया उसके साथ केजरीवाल जा मिले, ऐसे में विरोध ही एकमात्र रास्ता है।
केजरीवाल को टेंट हाउस में मिलेगी 70 सीटें
विधायकी से ज्यादा गर्व भाजपा का कार्यकर्ता बनना है। केजरीवाल कह रहे हैं कि इसबार 70 सीटें मिलेगी। उन्हें किसी टेंट हॉउस से 70 सीटें मिल सकती है, विधानसभा में तो आप को एक भी सीट नहीं मिलेगी। भाजपा में इसलिए शामिल हो रहा हूं कि खुलकर भारत माता की जय बोल सकें।
कन्हैया कुमार पर भी साधा निशाना
देश के टुकड़े-टुकड़े करने वाले कन्हैया कुमार के साथ न खड़ा होना पड़े। दिल्ली से नकारात्मक राजनीति खत्म किया जा सके और यह नरेंद्र मोदी के साथ चलकर ही हो सकता है।
मनोज तिवारी ने आप पर साधा निशाना
कपिल मिश्रा का स्वागत करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की दुर्दशा को देखकर ही कपिल मिश्रा व अन्य नेताओं में छटपटाहट थी। वो लोग आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने के खिलाफ थे कपिल
वहीं दिल्ली प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जब सर्जिकल स्ट्राइक के सुबूत मांगे थे उस समय आप में रहते हुए कपिल मिश्रा ने मुख्यमंत्री का विरोध किया था। आज लोग आप से हताश हैं। सभी के लिए भाजपा आशा की किरण है।
केजरीवाल के खिलाफ चलाया था अभियान
बता दें कि आप से निकाले जाने के बाद कपिल मिश्रा ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। साथ ही उन्होंने केजरीवाल सरकार पर भ्रष्टचार समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। केजरीवाल के खिलाफ गाने बनाए और सोशल मीडिया के जरिए तमाम चीजें ट्वीट भी कीं थी। इसके अलावा उन्होंने केजरीवाल के खिलाफ धरना भी दिया था।