COVID-19: यहां बांटे जा रहे सैनिटरी पैड, मदद को आगे आई ये पांच सहेलियां
एक ओर तो लोग अनाज खाना मास्क बांट रहे हैं वहीं यह महिलाएं सैनेटरी पैड बांटकर महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रही हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। विश्व कोरोना जैसी महामारी से जूझ रहा है। लोग अपने घरों में कैद हैं, अधिकतर दुकानें बंद पड़ी हैं। इस महामारी में महिलाओं को माहवारी में सैनेटरी पैड काफी तलाश करने पड़ रहे हैं। महिलाओं की यह पीड़ा लक्ष्मी नगर में रहने वाली पांच सहेलियों से देखी नहीं गई और वह पैड लेकर निकल गई महिलाओें की मदद करने के लिए। एक ओर तो लोग अनाज, खाना, मास्क बांट रहे हैं, वहीं यह महिलाएं सैनेटरी पैड बांटकर महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रही हैं।
अधिवक्ता मेघवर्णा उमेश दत्ता ने बताया कि उनकी चार सहेलियां विनीता सिंह, समाज सेविका छवि कला सिंह, रुचि अग्रवाल व शिल्पी रस्तोगी हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता वीरेंद्र पुंज प्रीत विहार के एसीपी हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह मनुष्य के लिए खाना जरूरत होता है, ठीक वैसे ही महिलाओं की जरूरत सैनेटरी पैड भी होते हैं। इस महावारी में अगर सफाई का ध्यान न रखा जाए तो बीमारी फैलने का खतरा रहता है। लॉकडाउन की वजह से सैनेटरी पैड मिलने में काफी समस्या पेश आ रही है।
उन्होंने अपने पिता को महिलाओं की पीड़ा को बताते हुए उनके लिए मदद की दरकार की और पुलिस की ओर से सैनेटरी पैड मुहैया कराने के लिए आग्रह किया। प्रीत विहार पुलिस ने महिलाओं की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए इन पांचों सहेलियों को सैनिटरी पैड दिए। दाे हजार से ज्यादा पैड इन पांचों सहेलियों को वितरित करने हैं। पांचों सहेलियां इलाकों में जा जाकर जरूरतमंद महिलाओं को पैड दे रही हैं। इसके साथ ही सामाजिक संगठनों से भी अपील कर रही है कि वह भी महिलाओं की इस परेशानी को समझे और उनकी मदद करें।
24 घंटों में 40 मौतें की गई दर्ज
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़े बताते हैं कि देश में अब तक कोरोना वायरस (COVID-19) के कुल मामले 7,447 हो गए हैं, जिनमें 642 लोग ठीक होकर अपने घर वापस जा चुके हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,035 नए मामले आए हैं और 40 लोगों की मौत दर्ज की गई है। देश में अब तक कोरोना से कुल 239 लोगों की मौत हुई है। वहीं, आज राजस्थान में आज 117 मामलों की पुष्टि की गई है यहां मरीजों की संख्या 678 हो गई है।