बदमाशों के दो गुटों के बीच चली गोली, बालकनी में खड़ी महिला की मौत, यहां फंसा पेंच
पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि महिला की मौत सिर पर कुछ मारने से हुई या उसे गोली लगी, इसकी जांच की जा रही है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। सीलमपुर के चौहान बांगर इलाके में सोमवार शाम बदमाशों के दो गुटों के बीच हुए झगड़े के बाद गोलियां चलीं। इस दौरान एक गोली बालकनी में खड़ी 22 वर्षीय महिला के सिर में जा लगी। घायल हालत में महिला को पास के जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
ससुराल पक्ष पर शक
मृतक की पहचान सना के रूप में हुई है। सना के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर शक जाहिर किया है। सीलमपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, सना चौहान बांगर पुलिया के पास परिवार के साथ रहती थीं। परिवार में पति इकबाल व सास हैं। दो महीने पहले ही सना की इकबाल से शादी हुई थी।
दो गुटों ने हवाई फायरिंग की
सोमवार शाम को चौहान बांगर इलाके में बदमाशों के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। दोनों गुटों ने हवाई फायरिंग की। सना के ससुराल पक्ष का कहना है कि वह अपने घर की बालकनी से खड़ी होकर झगड़ा देख रही थीं। इसी बीच एक गोली उनके सिर में आकर लगी और उनकी मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि सिर में गोली का निशान है या नहीं अभी यह पता नहीं चल सका है।
मौत की वजह का पता नहीं
बुधवार को महिला का जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि महिला की मौत सिर पर कुछ मारने से हुई या उसे गोली लगी, इसकी जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में फायरिंग की घटनाएं होना आम बात हो गई हैं।
पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगी सच्चाई
उत्तरी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर का कहना है कि महिला की मौत कैसे हुई, इसका पता नहीं चल सका है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग पाएगा।