MP-राजस्थान व छत्तीसगढ़ में जीत से उत्साहित कांग्रेेसी, दिल्ली दफ्तर पर जश्न
कांग्रेस पार्टी की जीत को पक्का मानकर दिल्ली में पार्टी के दफ्तर के बाहर पटाखे भी रखे गए हैं। इस सबका इंतजाम कांग्रेस नेता जगदीश शर्मा ने किया।
नई दिल्ली, जेएनएन। पांच राज्यों (मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम) के विधानसभा चुनावों में भाजपा हारी तो भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीती है। छत्तीसगढ़ में जहां कांग्रेस स्पष्ट जीत हासिल कर रही है वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश में कांटे की टक्कर के बीच सरकार बनाती नजर आ रही है। मंगलवार सुबह ही पांच राज्यों में सुबह मतगणना के शुरुआती रुझानों में बढ़त लेने पर दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर जश्न का माहौल बन गया, जो देर रात तक जारी रहा। यहां तक कि कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और कुछ कार्यकर्ताओं ने डांस भी किया।
तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जश्न मनाने का मौका दिया। यमुनापार के कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। कांग्रेस नेता व बाबरपुर जिलाध्यक्ष भीष्म शर्मा ने कहा कि मतदाताओं ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि अब कांग्रेस प्रचंड बहुमत से लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी और राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे।
जीत के जश्न पर आयोजित बैठक में भीष्म शर्मा ने कहा कि तीन राज्यों के चुनाव परिणाम का दिल्ली में बहुत बड़ा असर होगा। लोकसभा चुनाव में तो जीत हासिल होगी, साथ ही आगामी विधानसभा में भी कांग्रेस का पलड़ा भारी रहेगा। देश की जनता ने मोदी के नेतृत्व को नकार दिया है। सीलमपुर में पूर्व विधायक चौधरी मतीन ने कांग्रेस की जीत के जश्न कार्यकर्ताओं के साथ रैली निकाल कर मनाया। यह रैली चौहान बांगर से शुरू हुई और ब्रह्मपुरी रोड, सीलमपुर, जाफराबाद होते हुए चौहान बांगर में आकर समाप्त हुई। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया और इस जीत के लिए मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की जनता का आभार जताया।
इस मौके पर मतीन अहमद ने कहा कि भाजपा से लोग परेशान हो चुके हैं वह बदलाव चाहते हैं, इसलिए कांग्रेस को चुना। अब केंद्र में अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। इस मौके नदीम शेख, राजीव शर्मा, अमित वर्मा, कमरू खान, तैमूर मंसूरी आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस की जीत को लेकर लक्ष्मीनगर विधानसभा के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बैठक करके कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बधाई दी और कहा कि राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और लोगों के विश्वास के कारण जीत हासिल हुई है।
दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव आकाश ढिकिया कहते हैं कि यह लोगों के विश्वास की जीत है। लोगों ने भाजपा को नकारना शुरू कर दिया है। कृष्णा नगर जिला कांग्रेस की अध्यक्ष गीता शर्मा और प्रदेश कांग्रेस के डेलीगेट बिजेंद्र प्रधान ने भी कांग्रेस की जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इस जीत ने दिल्ली के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्साह से लबरेज कर दिया है।