यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 18, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Fire: दिल्ली की बहुमंजिला जूता फैक्ट्री में भीषण आग, चौथे फ्लोर पर फंसे एक मजदूर की झुलसकर मौत
Delhi Fire दिल्ली के पंजाबी बाग थाना क्षेत्र स्थित मादीपुर में एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। पांच ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग थाना क्षेत्र स्थित मादीपुर में बृहस्पतिवार सुबह एक जूता-चप्पल बनाने की पांच मंजिला फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगते ही वहां अफरातफरी मच गई। यहां मौजूद लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। अफरातफरी वाले माहौल में चौथी मंजिल पर एक कामगार फंसे रह गए। हादसे में झुलस कर इनकी मौत हो गई। मृतक का नाम हरजीत सिंह है।
मादीपुर गांव में पांच मंजिला इमारत में जूते-चप्पल बनाने की फैक्ट्री है। इसमें नीचे के तल में जूते चप्पल बनाने का काम होता था, वहीं ऊपर की मंजिलों में तैयार सामान की पैकेजिंग होती थी और स्टोर होता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह आठ बजे तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। इस समय इमारत में कम ही लोग मौजूद थे। आग लगते ही सभी मजदूर फैक्ट्री से बाहर निकल गए।
चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
ज्वलनशील पदार्थ होने के वजह से आग तेजी से फैली और दूसरी मंजिल में फैल गई। आग की लपटें बाहर निकलने लगी। घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों को पता चला कि फैक्ट्री से सभी लोग निकल चुके हैं। दमकल कर्मी आग बुझाने में जुट गए। करीब साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
चौथे मंजिल पर मिला मजदूर का शव
दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के बाद इमारत की सभी मंजिलों की तलाशी ली गई। इस दौरान चौथी मंजिल से एक झुलसा हुआ शव मिला। जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने बताया कि फैक्टरी में काफी संख्या में प्लास्टिक और ज्वलनशील पदार्थ होने की वजह से आग तेजी से फैली। शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। पुलिस आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन कर रही है।