भीकाजी कामा प्लेस स्थित NBCC टावर की छठवीं मंजिल में आग से हुआ काफी नुकसान
भीकाजी कामा प्लेस स्थित एनबीसीसी टावर में छठे फ्लोर पर आग लग गई। कुछ ही देर में आग पूरे फ्लोर पर फैल गई।
नई दिल्ली [विवेक त्यागी]। भीकाजी कामा प्लेस स्थित एनबीसीसी टावर में छठे फ्लोर पर शुक्रवार रात आग लग गई। कुछ ही देर में आग पूरे फ्लोर पर फैल गई। सूचना पर एक के बाद एक 25 दमकल गाडिय़ां मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मौके पर मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड को रेस्क्यू किया गया। एहतियात के तौर पर चार दमकल गाडिय़ों को मौके पर रोककर करीब नौ घंटे कूलिंग का काम चला।
एनबीसीसी टावर में है कई सरकारी दफ्तर
फायर अफसरों ने बताया कि एनबीसीसी टावर में छठे फ्लोर पर ईपीएफओ समेत कई सरकारी दफ्तर हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे ईपीएफओ ऑफिस से आग शुरू हुई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे फ्लोर पर फैल गई।
गार्ड को किया गया रेस्क्यू
सूचना पर कुछ ही देर में दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। छठे फ्लोर पर फंसे एक सिक्योरिटी गार्ड को रेस्क्यू किया गया। आग के कारण दफ्तरों में रखे दस्तावेज, कंप्यूटर व फर्नीचर सब राख हो गया।
नौ घंटे तक चली कूलिंग
कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार रात साढ़े 12 बजे आग पर काबू पाया गया, लेकिन उसके बाद भी फ्लोर से धुआं निकल रहा था। इसके चलते चार दमकल गाडिय़ों को मौके पर रोककर नौ घंटे कूलिंग की गई। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे सभी दमकल गाडिय़ां वापस लौटीं। अफसरों ने बताया कि शुरुआती जांच में आग का कारण शार्टसर्किट बताया जा रहा है। हालांकि अफसरों ने जांच के बाद ही आग का सही कारण स्पष्ट होने की बात भी कही।