फरीदाबाद में बर्फ की फैक्ट्री में गैस रिसाव से अफरा-तफरी, जलन और दम घुटने से लोग परेशान
फरीदाबाद में मंगलवार दोपहर एनआइटी दो नंबर की एक बर्फ फैक्ट्री में गैस लीक होने से आसपास हलचल पैदा हो गई। आंखों में जलन और दम घुटने जैसी स्थिति होने से लोग परेशान हो गए।
फरीदाबाद, जेएनएन। जिले में दोपहर एनआइटी दो नंबर की एक बर्फखाना में अमोनिया गैस लीक होने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आंखों में जलन और दम घुटने जैसी स्थिति होने से लोगों को परेशानी हुई। सूचना मिलने पर एनआइटी दो नंबर पुलिस व दमकल विभाग की गाड़ी पहुंच गई। लीक गैस के वाल्व को बंद किया गया, गैस का प्रभाव कम हुआ तब कुछ देर बाद स्थिति नियंत्रण में आई ओर लोग खुलकर सांस ले सके।
लोगों ने फैक्ट्री के खिलाफ रोष जाहिर किया लेकिन किसी ने शिकायत पुलिस चौकी में नहीं दी। एनआइटी-दो जी ब्लॉक एफसीआइ गोदाम रोड पर रिहायशी क्षेत्र में दुआ आइस नाम से बर्फखाना है। दोपहर दो बजे अचानक बर्फखाना के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों की आंखों में जलन महसूस हुई व घबराहट हुई। जब तक कर्मचारी कुछ समझ पाते गैस तेजी से फैलना शुरू हो गई।
स्थानीय निवासी अपने मकानों से दूर गए, तब उनकी जान में जान आई। कुछ लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर एकत्र हो गए और बर्फखाना को शिफ्ट करने की मांग की। मौके पर पहुंचे दमकल केंद्र के स्टाफ ने हवा में पानी की बौछार कर हवा में गैस के प्रभाव कम किया और अंदर जाकर सिलेंडर का वाल्व बंद किया।
मीना नामक की एक महिला बताया कि वह घर पर ही थी। अचानक आंखों में जलन व घबराहट महसूस हुई। मुंह पर कपड़ा बांधकर बाहर आए तो पता लगा कि फैक्ट्री के अंदर रिसाव हुआ है। वहीं सन्नी भाटिया नाम के एक शख्स का कहना है कि इस तरह रिहायशी इलाके में गैस का रिसाव होना खतरनाक है। इससे लोगों को परेशानी हुई है। फैक्ट्री पर एक-दो बार कार्रवाई भी हुई है, पर दोबारा शुरू हो जाती है। इसका यहां से शिफ्ट होना जरूरी है।
चौकी प्रभारी धर्मचंद्र का कहना है कि हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है, अगर लोगों को दिक्कत है, तो हमारे साथ-साथ संबंधित विभागों को भी शिकायत करें।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप