'जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं 'आप', आरोपों की सियासत करती है पार्टी'
महापौर ने कहा कि दिल्ली सरकार सिर्फ आरोपों की राजनीति करती है और सच्चाई से मुंह मोड़ती है, लेकिन जनता सबकुछ अच्छे से जानती है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली सरकार आम जनता की समस्याओं को लेकर जरा भी गंभीर नहीं है। अगर कोई व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर सरकारी विभाग के कार्यालय में जाता है तो अधिकारी चक्कर लगवाते रहते हैं। आम जनता दिल्ली सरकार के कार्यों से तंग आ चुकी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री जनता की सुविधाओं के वादे तो बहुत बड़े-बड़े करते हैं, लेकिन हकीकत में वे सिर्फ शिगूफा साबित होते हैं। ये बातें पूर्वी दिल्ली नगर निगम की महापौर नीमा भगत ने जनता की समस्याएं सुनने के बाद कहीं।
आरोपों की राजनीति करती है 'आप'
महापौर ने गीता कॉलोनी 11 ब्लॉक का दौरा किया और लोगों की समस्याएं सुनीं। महापौर को सबसे अधिक शिकायतें दिल्ली सरकार के विभाग जल बोर्ड और लोक निर्माण विभाग की सुनने को मिलीं। महापौर ने कहा कि दिल्ली सरकार सिर्फ आरोपों की राजनीति करती है और सच्चाई से मुंह मोड़ती है, लेकिन जनता सबकुछ अच्छे से जानती है। सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं, लेकिन जल बोर्ड सीवर सही करने को तैयार नहीं है। आम लोगों को इससे क्या परेशानी हो रही है, इसकी न तो विधायक और न ही अधिकारियों को कोई लेनादेना है।
जन समस्या के दौरान महापौर को नगर निगम से संबंधित जो शिकायतें मिलीं, उनका मौके पर समाधान किया गया। इस दौरान भाजपा के मंडल अध्यक्ष कमल बुद्धिराजा, समाजसेवी राजेश साहनी, प्रदीप रावत, सुशील चौपड़ा, सीमा, मोहन साहनी व राम सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रही है 'आप' सरकार, भाजपा जाएगी सुप्रीम कोर्ट
यह भी पढ़ें: कुमार विश्वास ने इशारों में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर किए तीखे व्यंग्य