दिल्ली के बाद गुरुग्राम में डॉक्टर की हैवानियत, पत्नी को आधा दर्जन बार मारा चाकू
डॉक्टर ने अपनी पत्नी को गुस्से में आकर आधा दर्जन बार चाकु से गोद दिया। इस घटना के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
गुरुग्राम, जेएनएन। दिल्ली में एक डॉक्टर के द्वारा कई महिलाओं पर कार चढ़ाने के बाद अब गुरुग्राम में दूसरे डॉक्टरों की हैवानियत सामने आई है। एक डॉक्टर ने अपनी पत्नी को गुस्से में आकर आधा दर्जन बार चाकु से गोद दिया। इस घटना के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पत्नी की उम्र करीब 40 साल है। घायल पत्नी को आसपास के लोगों ने पास के ही सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह घटना लक्ष्मण विहार इलाके में हुई है। हमला करने वाले डॉक्टर का नाम सतरसाल सिंह तोमर है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है। हालांकि डॉक्टर के द्वारा चाकू से वार करने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
इससे पहले दिल्ली में रानी झांसी रोड पर फिल्मिस्तान सिनेमा के पास एसएक्स 4 कार से घर लौट रहे डॉक्टर ने सड़क पार कर रही तीन महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें बाड़ा हिंदूराव अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे डॉक्टर को पुलिसकर्मियों ने तीन किलोमीटर पीछा कर पकड़ लिया। देशबंधु गुप्ता रोड थाना पुलिस ने सर गंगाराम अस्पताल के सीनियर फिजीशियन डॉक्टर अंबुज गर्ग के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है। उन्हें बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।