नवरात्र के पहले दिन कालकाजी मंदिर में उमड़े भक्त, सेवा दे रहे हैं 700 सेवादार
रविवार को पहले दिन डेढ़ बजे माता का श्रृगांर होने के बाद विशाल आरती की गई। इसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
नई दिल्ली [जेएनएन]। नवरात्र के पहले दिन मां कालकाजी मंदिर में माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्तों का सैलाब उमड़ा रहा। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर में लगी रहीं। नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की लोगों ने पूजा की।
भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया
मंदिर के मुख्य पुजारी सुखलाल भारद्वाज ने बताया कि रविवार को पहले दिन डेढ़ बजे माता का श्रृगांर होने के बाद विशाल आरती की गई। इसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि शाम 7 बजे भी श्रृंगार के बाद आरती की गई, जिसमें भक्तों ने मां के जयकारे लगाए और मन्नत मांगी।
मंदिर में रहे सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कालकाजी मंदिर ट्रस्ट की ओर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर के पुजारी सुनील ने बताया कि मंदिर में करीब 700 सेवादार लगाए गए हैं। इनमें डॉक्टर, वकील व शिक्षक आदि हैं। ये लगातार नौ दिन तक मंदिर में सेवा करेंगे। इसी के साथ मंदिर में किसी प्रकार की अनहोनी न हो, इसके लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे व मेटल डिटेक्टर से जांच कर भक्तों को प्रवेश दिया जा रहा है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
यह भी पढ़ें: चिड़ियाघर में पांच दिनों से नहीं आया पानी, वाटर कूलर सूखे, पर्यटक परेशान