सूरज के तपिश से होंगे दिल्लीवासी बेहाल, बेअसर रहेगा पश्चिमी विक्षोभ, पारा 42 डिग्री के पार
अगले दो से तीन दिनों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
नई दिल्ली [ जेएनएन ]। कई दिनों से चल रही बादलों की लुकाछिपी और हल्की राहत के बीच अब दिल्लीवासियों को एक सप्ताह अब भीषण गर्मी का सामना करना होगा। वजह, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है। अगले दो से तीन दिनों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। जबकि अप्रैल में सामान्य तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस रहता है।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश नहीं होने के कारण मौसम अब सूखा सूखा रहेगा। ऐसे में दिल्ली का तापमान भी तेजी से बढ़ेगा। दूसरी तरह स्काईमेट वेदर के अनुसार अगला पश्चिमी विक्षोभ 27 और 28 अप्रैल को मिलेगा लेकिन इससे भी गर्मी में बहुत अधिक राहत नहीं मिलेगी।
शुक्रवार को दिल्ली का तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 40.2 और न्यूनतम 26.2 सेल्सियस डिग्री रहा। इस सीजन में पालम का तापमान पहली बार 26.2 डिग्री तक पहुंचा है जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। आया नगर का तापमान 40.2 और रिज 40 डिग्री रहा।
शनिवार को तापमान 38 से 39 डिग्री के बीच रह सकता है। गर्मी के साथ धूल भरी गर्म हवा भी लोगों की मुसीबतें बढ़ाएगी। अगले तीन दिनों तक यह हवा काफी परेशान कर सकती हैं। वहीं तीन दिन बाद तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से उपर जा सकता है। इस सीजन में अब तक तापमान 41 डिग्री पार नहीं हुआ है।
स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी डॉ. महेश पलावत के अनुसार 27 और 28 अप्रैल को दिल्ली में एक और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आंधी और हल्की बूंदाबांदी गर्मी से मामूली राहत दिलवा सकती है। लेकिन गर्मी से बहुत अधिक राहत नहीं मिलेगी। इस बीच तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।