दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर तीन घंटे जबरदस्त जाम से लोग हुए परेशान
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों को भारी जाम से जूझना पड़ा। इससे लोगों को परेशानी हुई।
गुरुग्राम, जेएनएन। सप्ताह के पहले कार्य दिवस (सोमवार) पर वाहन चालकों को भारी जाम से जूझना पड़ा। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे के गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते पर सुबह 9:30 बजे से वाहनों की रफ्तार धीमी होने लगी। देखते ही देखते हजारों वाहनों के पहिए पूरी तरह से थम गए। यह माहौल दोपहर 12:30 बजे तक रहा। जाम किस कारण से लगा, इसके बारे में लोगों को कोई जानकारी नहीं मिल रही थी।
बताया जा रहा था कि दिल्ली की ओर से कोई दिक्कत हुई थी जिसका असर यातायात पर पड़ा। तीन घंटे तक भयंकर जाम में फंसे लोगों में वह लोग भी बड़ी संख्या में थे जिन्हें ऑफिस जाना था। यह सभी तीन से चार घंटे की देरी से अपने कार्यस्थल पर पहुंचे।
शहर के आंतरिक हिस्सों में भी जाम लगा रहा। इफको चौक से एमडीआइ चौक के बीच भी बड़ी संख्या में वाहन चालक दो से ढाई घंटे तक जाम में फंसे रहे। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रसे-वे और शहर की सड़कों पर यातायात जाम कोई नई बात नहीं है। मगर बिना बारिश के जाम लगना लोगों के लिए हैरानी का विषय रहा। सिरहौल बार्डर पर जाम में फंसे विकास पुरोहित ने बताया कि वह एक कारोबारी प्रतिनिधिमंडल से मिलने दिल्ली के कनाट प्लेस एल. ब्लॉक जा रहे थे। समय से वह अपने गुरुग्राम स्थित घर से निकले। पहले राजीव चौक पर जाम मिला।
इसके बाद एक्सप्रसे-वे पर आते ही यहां भी कुछ उसी प्रकार की स्थिति रही। वाहन काफी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। स्थिति उस समय और खराब हो गई जब सिरहौल बार्डर पहुंचते-पहुंचते वाहनों के पहिए पूरी तरह से थम गए। देरी के कारण वह मीटिंग रद हो गई। राजीव चौक पर जाम में फंसे मोहित भाटी ने कहा कि गुरुग्राम के लिए जाम लाइलाज बन गया है।
अंडरपास बनने के बाद भी इस समस्या से लोगों को पूरी तरह से निजात नहीं मिली। कैब बुक कर दिल्ली जा रहे काफी लोगों ने कैब को बीच में ही छोड़ दिया। सिविल सर्विसेज की कोचिंग ले रहे मानेसर के स्नेह वर्मा ने बताया कि वह अक्सर मेट्रो से दिल्ली कोचिंग के लिए जाते हैं मगर सोमवार को कैब बुक कर ली थी। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर लगे जाम के कारण बड़ी मुसीबत हो गई।
इफको चौक से एमडीआइ की ओर आ रहे वाहन चालकों को परेशान होना पड़ा। लोगों के लिए पांच मिनट का सफर एक घंटे का हो गया था। ट्रैफिक पुलिस के काफी प्रयास के बाद इफको चौक और एमडीआइ चौक के बीच जाम को खोला जा सका।