इस बार सर्दी के सितम नहीं बच पाएगी दिल्ली, पड़ेगी कड़ाके की ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस साल दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से तापमान गिरेगा और मौसम पर भी इसका असर पड़ेगा।
नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली में सर्दी ने दस्तक दे दी है, तापमान गिरने लगा है। उत्तर दिशा से नमी वाली हवाएं दिल्ली की तरफ आने लगी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस साल कड़ाके की ठंड पड़ेगी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से तापमान गिरेगा और मौसम पर भी इसका असर पड़ेगा।
दिसंबर के शुरुआती दिनों तक आते-आते ठंड और भी बढ़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में तापमान और भी गिरेगा। दिल्ली में सुबह और रात के वक्त ठंड महसूस हो रही है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि उत्तर की दिशा से ठंडी हवाएं दिल्ली के मौसम पर असर डालकर तापमान को गिरा रही हैं।
हवा की रफ्तार ने बजाई खतरे की घंटी, दिल्ली में फिर बढ़ा प्रदूषण का स्तर
लगातार वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से हवा की दिशाओं पर असर पड़ता है। पहाड़ी इलाकों में अच्छी बर्फबारी ककी उम्मीद है और माना जा रहा है कि इसका असर दिल्ली में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को आसमान साफ रह सकता है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने का अनुमान है।
शनिवार के दिन न्यूनतम तापमान नॉर्मल से दो डिग्री कम के साथ 10.1 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं अधिकतम तापमान नॉर्मल से एक डिग्री ज्यादा के साथ 28.6 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 91 पर्सेंट दर्ज हुआ। शनिवार को लोदी रोड पर न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि पहाड़ी इलाकों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर पड़ने लगा है। जिनसे दिल्ली के मौसम पर असर पड़ रहा है।