विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में अगले 3 दिन में बदलेगा मौसम, 3 और 4 फरवरी को होगी बारिश

Published: Thu, 30 Jan 2025 07:40 AM (IST)

Delhi Weather Update दिल्ली-एनसीआर में अगले 3 दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 3 और 4 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है जिससे तापमान में गिरावट आएगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश से फिर ठंड बढ़ सकती है। अभी दिन में गर्मी और रात में ठंडक हो रही है।

दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद का नजारा। फाइल फोटो- जागरण
दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद का नजारा। फाइल फोटो- जागरण

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में अभी अगले कई दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर चलता रहेगा। सुबह-शाम ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में तेज धूप खिलने पर गर्माहट का एहसास होगा। हालांकि इसी बीच मौसम विभाग ने तीन और चार फरवरी को दिल्ली में हल्की बारिश का पूर्वानुमान भी जारी किया है।

इससे तापमान में एक बार फिर से गिरावट आ जाएगी। इस बीच बुधवार को दिन भर आसमान साफ रहा। धूप भी निकली। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक 25.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

हवा में नमी का स्तर 100 से 41 प्रतिशत रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री पूसा में दर्ज हुआ।मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार की सुबह दिल्ली में स्मॉग और हल्की धुंध रहने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रहेगा। शाम के समय आंशिक रूप से बादल भी छा सकते हैं जबकि हवाएं मंद गति से चलेंगी।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि मौसम की मौजूदा स्थिति के कारण दिल्ली में इस सप्ताह मिश्रित मौसम ही रहने की संभावना है।

साफ आसमान, शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं, कम नमी और कोहरे की अनुपस्थिति के कारण अगले कुछ दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। सप्ताहांत के बाद हल्की बारिश हो सकती है।

गुरुग्राम: रातें सर्द, दिन का पारा चढ़ा

क्षेत्र में इन दिनों पारा उछाल पर है। बुधवार को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय आंशिक बादल छाए रहे और सर्दी रही, लेकिन दोपहर में तेज धूप हो गई। मौसम साफ रहने के कारण सर्दी गायब हो गई है। हालांकि जनवरी में ही मौसम गरम रहने से गेहूं और जौ सहित अन्य फसलों पर इसका दुष्प्रभाव पड़ सकता है।

गेहूं का उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है। क्योंकि आमतौर पर जनवरी में कोहरा और कड़ाके की सर्दी पड़ती है। तापमान भी 17.0 से 20.0 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहता है। लेकिन इस बार पारा उछाल पर है।

क्या बोले मौसम विशेषज्ञ?

कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ मंजीत के अनुसार तीन और चार फरवरी को क्षेत्र में कहीं-कहीं पर बूंदाबांदी तो कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आएगी और फसलों को भी फायदा मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।