यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Weather: दिल्ली में बढ़ी ठंड, कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति; जानें इस पूरे हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया है। रविवार सुबह तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज ...और पढ़ें

HighLights
- रविवार को 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान, आज हल्के से मध्यम स्तर का हो सकता है कोहरा
- पूसा व राजघाट के पास सबसे कम 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान, शीत लहर जैसी रही स्थिति
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में दो दिन ठंड से थोड़ी राहत के बाद रविवार सुबह एक बार फिर तापमान पिछले दिन के मुकाबले 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। इस वजह से दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे दिल्ली में ठंड फिर बढ़ गई। पूसा व राजघाट के आसपास के इलाकों में शीत लहर जैसी स्थिति रही।
दोपहर में आसमान साफ और गुनगुनी धूप निकलने से ठंड से राहत रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह पांच से छह डिग्री सेल्सियस के बीच न्यूनतम तापमान बना रह सकता है। इस वजह से सुबह के वक्त कंपकंपी बनी रह सकती है, लेकिन दोपहर के समय गुनगुनी धूप निकलने से न्यूनतम तापमान में कमी नहीं आएगी।

हवा की दिशा व गति में बदलाव होने से तापमान बढ़ा
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। एक दिन पहले शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस और शुक्रवार को नौ डिग्री सेल्सियस था। जबकि शुक्रवार से पहले दो दिन दिल्ली के कई इलाकों में शीत लहर चली थी। मौसम विभाग के अनुसार स्थानीय स्तर पर हवा की दिशा व गति में बदलाव होने से तापमान बढ़ा था।
देश के अन्य हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति
उत्तर पश्चिम भारत के कई जगहों पर शीत लहर जैसी स्थिति बनी हुई है। इस वजह से रविवार को दिल्ली में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई। मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को शीत लहर जैसी स्थिति रहने से इनकार किया है। लेकिन पूसा व राजघाट के पास न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य है।

सोमवार को आसमान साफ रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार आया नगर में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 5.3 डिग्री सेल्सियस, नरेला में 5.4 डिग्री सेल्सियस और पालम में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली में सोमवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह में स्माग और हल्का या मध्यम स्तर का कोहरा हो सकता है। शाम को स्मॉग के साथ धुंध हो सकती है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मंगलवार को भी मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
