Delhi Weather, Monsoon Update: 25 जून को दिल्ली पहुंच सकता है मानसून, जानें- अगले एक सप्ताह के मौसम का हाल
Delhi Weather Monsoon Update 22-24 जून के बीच स्थिति अनुकूल बन रही हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और हिमालय के पहाड़ी इलाकों में मानसून का आगमन होगा।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। Delhi Weather, Monsoon Update: गर्मी और उमस से परेशान दिल्ली-एनसीआर के लोगों का मौसम को लेकर इतंजार खत्म होने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के उपमहानिदेशक आनंद शर्मा के मुताबिक, 25 जून के आसपास दिल्ली-एनसीआर में मानसून के आने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि 22-24 जून के बीच स्थिति अनुकूल बन रही हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और हिमालय के पहाड़ी इलाकों में मानसून का आगमन होगा।
वहीं, मानसून के 3 दिन पहले ही दस्तक देने की खबर के बीच दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और उमस से लोगों का बुरा हाल है। शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए लोग जरा सा पैदल चलने पर ही पसीने से तर नजर आए। यह स्थिति पिछले 15 दिनों से बनी हुई है। दिल्ली-एनसीआर में 24 घंटे एक सी गर्मी और उमस बनी रहती है।
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादल छाए रहेंगे। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, लेकिन बारिश के आसार बिल्कुल भी नहीं हैं।
पंखे-कूलर तक फेल
उमस और गर्मी से लोगों का कितना बुरा हाल है? इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पंखे-कूलर तक बेअसर साबित हो रहे हैं। खासकर इमारत के ऊपरी तल पर रहने वालों की हालत और खराब है। तपती छत और उमस के चलते 24 घंटे लोगों को गर्मा का सामना करना पड़ रहा है।
46 डिग्री का पार गया अधिकतम पारा
इससे पहले बृहस्पतिवार को पूरे दिन उमस और गर्मी से दिल्ली-एनसीआर झुलसता रहा। दिल्ली में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया। दिल्ली के पालम में अधिकतम पापमान 46.4 डिग्री दर्ज हुआ।
इस बीच मौसम विभाग ने अगले 7 दिन के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, शनिवार और रविवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन गर्मी और उमस से राहत नहीं मिलेगी। 22 जून बारिश होने के आसार हैं। 23 और 24 जून को तापमान 37-38 डिग्री रहेगा। इन दोनों दिनों अच्छी बारिश हो सकती है। इस प्री मानसून की बारिश कहा जा रहा है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक, 22 जून से दिल्ली में मानसून की बारिश शुरू हो सकती है।
दिल्ली मौमस विभाग केंद्र के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और आसपास में सक्रिय चक्रवाती प्रसार 19 और 20 जून तक उत्तर प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में पहुंचेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के कुछ इलाकों, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और पूर्वी हरियाणा तक 22 से 24 जून के बीच आ जाएगा। इस हिसाब से 22-23 जून तक मानसून पहुंच जाएगा, जो 3 दिन पहले पहुंचेगा।