विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather Update: दिल्ली में अगले दो दिन में चार डिग्री तक गिरेगा पारा, गरज के साथ बारिश के आसार

Published: Wed, 21 Feb 2024 06:00 AM (IST)

पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सोमवार आधी रात के बाद तेज हवा के साथ हल्की ...और पढ़ें

दिल्ली में अगले दो दिन में चार डिग्री तक गिरेगा पारा, गरज के साथ बारिश के आसार
दिल्ली में अगले दो दिन में चार डिग्री तक गिरेगा पारा, गरज के साथ बारिश के आसार

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सोमवार आधी रात के बाद तेज हवा के साथ हल्की वर्षा हुई। इसके चलते अगले दो दिन तापमान में चार डिग्री तक गिरावट की संभावना है। यह बात अलग है कि मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम और न्यूनतम दोनों ही तापमान सामान्य से ज्यादा रहे।

उत्तर भारत में इन दिनों एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता देखने को मिल रही है। इसके प्रभाव से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खासी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी हो रही है।

दिल्ली में कितनी हुई बारिश

राजधानी में भी मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे 2.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजघाट पर सर्वाधिक पांच, पीतमपुरा और रिज में 4.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई। लेकिन तापमान पर इसका तुरंत कोई असर देखने में नहीं आया।

कितना दर्ज हुआ तापमान

मंगलवार को दिन भर धूप खिली रहने के चलते अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। हवा में नमी का स्तर 96 से 55 प्रतिशत रहा।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। गर्जन वाले बादल बनने और हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में कुछ गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 26 जबकि न्यूनतम 12 डिग्री रह सकता है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान में और गिरावट आएगी और यह 24 डिग्री तक रहने का अनुमान है।

वायु गुणवत्ता में भी सुधार होने के आसार

तेज हवा और हल्की वर्षा के बाद भी दिल्ली की हवा से प्रदूषक कण पूरी तरह साफ नहीं हो पाए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई 226 रहा। इस स्तर की हवा को ''खराब'' श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यह 231 था। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों का एक्यूआई 200 से ऊपर ही रहा। मौसमी बदलाव से अगले दो दिन में वायु गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है।