विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather: बढ़ती गर्मी के बीच होली पर होगा गुलाबी ठंड का अहसास, जानिए अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल

By sanjeev Gupta Edited By: Rajesh Kumar
Published: Wed, 12 Mar 2025 05:47 AM (GMT+05:30)Updated: Wed, 12 Mar 2025 07:16 AM (GMT+05:30)

दिल्ली में बढ़ती गर्मी के बीच होली पर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ...और पढ़ें

दिल्ली में होली पर बढ़ते तापमान से मिलेगी राहत, हल्की बारिश की उम्मीद। फाइल फोटो
दिल्ली में होली पर बढ़ते तापमान से मिलेगी राहत, हल्की बारिश की उम्मीद। फाइल फोटो

HighLights

  1. बढ़ती गर्मी से राहत देगा होली का मौसम
  2. बारिश और ओलावृष्टि की संभावना

राज्य ब्यूरो जागरण, नई दिल्ली। लगातार बढ़ती गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच होली पर एक बार फिर हल्की ठंड का एहसास हो सकता है। उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भारी और हल्की बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। इसके चलते होली पर भीगना थोड़ा कंपकंपा देने वाला हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, साथ ही उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान पर ऊपरी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बन रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के राज्यों में मौसम बदलेगा।

तापमान में दो से पांच डिग्री की गिरावट

दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश होगी। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में भारी बारिश की संभावना है। यहां ओले भी गिर सकते हैं।

इससे स्वाभाविक रूप से तापमान में दो से पांच डिग्री की गिरावट आ सकती है। दिल्ली एनसीआर में होली से एक दिन पहले और बाद में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि मौसम में आए इस बदलाव का असर अगले कई दिनों तक देखने को मिलेगा। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे तो तापमान में तेजी से हो रही बढ़ोतरी पर भी ब्रेक लग जाएगा।

सीजन का सबसे गर्म दिन रहा मंगलवार

उधर, दिल्ली में मंगलवार को भी भीषण गर्मी रही। साफ आसमान और तेज धूप के बीच अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक है। यह इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। पीतमपुरा में यह सबसे अधिक 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को हवा में नमी का स्तर 92 से 29 फीसदी दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि बुधवार को सुबह कोहरा छा सकता है। दिन में आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। दोपहर में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गुरुवार से शनिवार तक फिर हल्की बारिश का अनुमान है।

यह भी पढ़ें : Cloud Seeding: बादल से बादल की ओर शिफ्ट होने की तैयारी, अब इस तरह होगी बारिश की कमी पूरी