विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट, पिछले 10 वर्षों में सबसे ज्यादा तप रहा जून; कब मिलेगी राहत

Published: Sun, 16 Jun 2024 05:00 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 16 Jun 2024 09:15 AM (GMT+05:30)

राजधानी शनिवार को भीषण लू की चपेट में रही। इस वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक ...और पढ़ें

दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट।
दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट।

HighLights

  1. दिल्ली में रही भीषण लू, तीन दिन ऑरेंज अलर्ट।
  2. 20 जून से भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी शनिवार को भीषण लू की चपेट में रही। इस वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग ने रविवार से लेकर मंगलवार तक तीन दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दिल्ली के ज्यादातर इलाके लू की चपेट में रहेंगे। बुधवार को भी यलो अलर्ट है। इसलिए अभी चार दिन लू से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आकाश साफ रहेगा और दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में लू चलेगी। इस दौरान कुछ जगहों पर भीषण लू भी चल सकती है। दिन में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की भी संभावना है।

कब से मिलेगी रात

मौसम विभाग के अनुसार, 20 जून से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। 20 जून को धूल भरी आंधी व हल्की वर्षा हो सकती है। तब तापमान दो से ढाई डिग्री सेल्सियस कम होगा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है।

जून में पांचवें दिन चली लू

अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर लू मानी जाती है। इस बार जून में यह पांचवां दिन है जब लू चली। इससे पहले वर्ष 2014 में जून में सात दिन लू चली थी। लिहाजा, पिछले दस वर्षों में इस माह अब तक लू सबसे ज्यादा चली है।

दिल्ली में कितना रहा तापमान

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिल्ली में अधिकतम तापमान सबसे अधिक पीतमपुरा में 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजघाट के पास अधिकतम तापमान सबसे कम 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैसे दिल्ली में हीट इंडेक्स 48 रहा।

मध्यम श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता

दिल्ली में शनिवार को हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बरकरार रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार वातावरण में धूल व स्थानीय कारण से एयर इंडेक्स बढ़ सकता है। इस वजह से तीन दिन हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रह सकती है।

सीपीसीबी द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 186, फरीदाबाद का 163, गाजियाबाद का 180 व नोएडा का एयर इंडेक्स 188 था, जो मध्यम श्रेणी में है। ग्रेटर नोएडा का एयर इंडेक्स 239 व गुरुग्राम का एयर इंडेक्स 255 रहा। इस वजह से एनसीआर के इन दोनों शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।