यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Weather Update: आज सुहावना रहेगा या मौसम में होगी गर्मी? IMD ने बारिश को लेकर भी दिया अपडेट
पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को भी दिल्ली का मौसम सुहाना बना रहा। सुबह से ही बादल छाए रहे ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को भी दिल्ली का मौसम सुहाना बना रहा। सुबह से ही बादल छाए रहे और कहीं हल्की वर्षा तो कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पालम क्षेत्र में सबसे ज्यादा 6.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। रविवार को यह 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यानी चौबीस घंटे के भीतर इसमें सात डिग्री की गिरावट आ गई। यह सामान्य से भी चार डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस समय का सामान्य तापमान है। हवा में नमी का स्तर 77 से 50 प्रतिशत तक रहा।
कहीं-कहीं हल्की बारिश, येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान हवा की गति भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक की रह सकती है। इसके चलते मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली के लोगों के लिए राहत की बात यह है कि अभी उन्हें चिलचिलाती गर्मियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस पूरे सप्ताह बीच-बीच में बादलों की आवाजाही, तेज हवा और हल्की वर्षा का क्रम बना रहेगा।
बारिश और हवा से साफ हुई हवा
दूसरी तरफ मौसम में हुए इस बदलाव का असर प्रदूषण पर भी देखा जा सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक तेज हवा और हल्की वर्षा से प्रदूषक कण काफी हद तक विसर्जित हो गए हैं। रविवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 140 रहा। इस स्तर की हवा को ''मध्यम'' श्रेणी में रखा जाता है। शनिवार को यह सूचकांक 196 के अंक पर रहा था। अगले दो दिनों की बीच भी वायु गुणवत्ता का यह साफ-सुथरा स्तर बना रहेगा।