Delhi Weather Update: 2 दिन तक कैसा रहेगा मौसम का हाल, पढ़िए- IMD की ताजा भविष्यवाणी
Delhi Weather Update बुधवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। इस बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की भी उम्मीद है। दिन में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। Delhi Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली-एनसीआर में लगातार 5 दिनों से मौसम बेहद सुहाना बना हुआ है। बीच-बीच में हो रही बारिश के चलते जहां न्यूनतम और अधिकतम तापमान में काफी कमी आई है, वहीं धूप भी कम तीखी है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के करोड़ों लोगों को भीषण गर्मी, लू और तेज धूप से राहत मिली हुई है।
बुधवार को हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के मुताबिक, बुधवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे। इस बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की भी उम्मीद है। दिन में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बृहस्पतिवार को फिर बदेलगा मौसम का मिजाज
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के मुताबिक, बृहस्पतिवार को एक बार फिर तेज बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद मौसम एक बार फिर सुहाना हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हाल ही में उत्तर भारत में पहुंचे पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में भी प्रभाव पड़ा, जिसके कारण अब दिल्ली में बारिश हो रही है। 4 जून यानी बृहस्पतिवार को भी बारिश होने के आसार हैं।
कुछ दिन और रहेंगे गर्मी के तेवर ढीले
वहीं, फिलहाल दिल्ली में अभी गर्मी के तेवर ढीले हैं। मंगलवार को सुबह हल्की बारिश हुई। इसके बाद दिनभर धूप छाई रही। साथ ही हवा भी चलती रही जिसके कारण तापमान भी कम दर्ज हुआ।मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का अधिकतम स्तर 83 फीसद दर्ज हुआ। हवा का न्यूनतम स्तर 36 फीसद दर्ज हुआ।
दिल्ली-एनसीआर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ)
- दिल्ली - 124
- फरीदाबाद - 166
- गाजियाबाद - 173
- गुरुग्राम - 159
- नोएडा - 128
- ग्रेटर नोएडा - 118