विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather: दिल्ली में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट, कुछ दिन बाद ही चलेगी 'लू', पढ़ें IMD का नया अपडेट

Published: Fri, 11 Apr 2025 10:34 PM (IST)

राजधानी दिल्ली में गुरुवार को बदले मौसम का असर शुक्रवार को भी देखने को मिला। सुबह मौसम सुहाना रहा लेकिन ...और पढ़ें

सुबह सुहाना मौसम, दिन में तेज गर्मी, शाम को आंधी-तूफान।
सुबह सुहाना मौसम, दिन में तेज गर्मी, शाम को आंधी-तूफान।

HighLights

  1. शुक्रवार शाम फिर मौसम ने ली करवट, 84 किमी प्रति घंटे तक की गति से चली धूल भरी आंधी, मौसम विभाग ने जारी किया आरेंज अलर्ट और एडवाइजरी
  2. कई जगह हुई हल्की बरसात, शाम साढ़े छह से साढ़े सात बजे के दौरान पालम में 10 डिग्री और सफदरजंग में सात डिग्री तक गिरा तापमान

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बृहस्पतिवार की शाम मौसम के बदले मिजाज का असर दिल्ली में शुक्रवार को भी देखने को मिला। सुबह सुहाना मौसम रहा तो दिन में तेज धूप के बीच दोबारा से गर्मी का एहसास होने लगा। शाम को अचानक फिर मौसम बदल गया। अलग-अलग इलाकों में अलग अलग रफ्तार से धूल भरी तेज आंधी चली, जो धूल भरे तूफान जैसी ही रही।

इस दौरान जन-जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया। बाद में कहीं पर हल्की वर्षा तो कहीं बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में भी खासी गिरावट देखी गई। शनिवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, रविवार से मौसम खुल जाएगा। गर्मी और तापमान में वृद्धि होने लगेगी। 16 अप्रैल से वापस लू चलने का पूर्वानुमान है।

हवा में नमी का स्तर 71 से 41 प्रतिशत रिकॉर्ड

शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक दिन पूर्व यह 25.9 डिग्री रहा था। इसी तरह अधिकतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री कम 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले यह 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। हवा में नमी का स्तर 71 से 41 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया।

मौसम की करवट से धूल भरी तेज आंधी चली

शाम करीब छह बजे मौसम की करवट से धूल भरी तेज आंधी चली। आंधी का यह अलग अलग रफ्तार से करीब एक घंटे तक चलता रहा। इस दौरान मौसम विभाग को न केवल आरेंज अलर्ट बल्कि एडवाइजरी भी जारी करनी पड़ गई। आंधी थमी तो कहीं बूंदाबांदी व कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई।

शाम साढ़े पांच से रात साढ़े आठ बजे के दौरान सफदरजंग में 0.2 मिमी, पालम में 1.2 मिमी, नरेला में 10 मिमी और पीतमपुरा में 2.5 मिमी रिकॉर्ड की गई। मौसम की इस करवट का ही असर रहा कि शाम साढ़े छह से साढ़े सात बजे के बीच पालम में 10 डिग्री जबकि सफदरजंग में सात डिग्री तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

दिल्ली में सर्वाधिक अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान वाले इलाके एवं वहां का तापमान (डिग्री से. में)

इलाका अधिकतम (°C) न्यूनतम (°C)
सफदरजंग 35.8 22.8
पालम 34.0 21.4
लोधी रोड 34.6 21.7
रिज 34.4 22.5
आयानगर 34.6 22.0
राजघाट 32.6 22.6
पूसा 33.1 22.5
नजफगढ़ 33.5 24.3
पीतमपुरा 34.4 25.1
मयूर विहार 32.0 22.6

किस समय कहां कितनी दर्ज की गई आंधी की गति (किमी प्रति घंटा)

इलाका आंधी की रफ्तार (किमी/घंटा) समय
आइजीआइ एयरपोर्ट 74 शाम 6:30
सफदरजंग एयरपोर्ट 56 शाम 6:30
उजवा कृषि विज्ञान केंद्र 84 शाम 6:15
भारत मंडपम 70 शाम 6:45
पीतमपुरा 50 शाम 6:45
जाफरपुर 50 शाम 6:30
फार्मा साइंस (दिल्ली) 39 शाम 7:00
नजफगढ़ 37 शाम 6:30

वायु गुणवत्ता में सुधार, एक्यूआई रहा मध्यम श्रेणी में

मौसमी गतिविधियों से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 164 यानी मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को यह 256 रहा था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें 92 अंकों की गिरावट आई है। एनसीआर के शहरों में भी यह मध्यम से खराब श्रेणी में ही चल रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में आंधी के कारण पांच मंजिला मकान की गिरी दीवार, तीन लोग दबे; एक की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।