विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली के मौसम ने तोड़ा 2 साल का रिकॉर्ड, शनिवार की सुबह रही अप्रैल माह की सबसे ठंडी; आज साफ रहेगा आसमान

By Ranbijay Kumar SinghEdited By: Abhi Malviya
Published: Sun, 09 Apr 2023 12:36 AM (IST)Updated: Sun, 09 Apr 2023 06:28 AM (IST)

उत्तर पश्चिमी हवा चलने से दिल्ली में सुबह के वक्त नमी बरकरार है। इस वजह से शनिवार को न्यूनतम तापमान ...और पढ़ें

उत्तर पश्चिमी हवा चलने से दिल्ली में सुबह के वक्त नमी बरकरार है।
उत्तर पश्चिमी हवा चलने से दिल्ली में सुबह के वक्त नमी बरकरार है।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तर पश्चिमी हवा चलने से दिल्ली में सुबह के वक्त नमी बरकरार है। इस वजह से शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। लिहाजा पिछले दो वर्ष में अप्रैल के महीने में शनिवार की सुबह अब तक सबसे अधिक ठंडक भरी रही, लेकिन दिन में तेज धूप खिली रही।

आकाश रहेगा साफ

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आकाश साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद सोमवार को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ना शुरू होगा। इस वजह से अगले कुछ दिनों में तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले वर्ष 2021 में तीन अप्रैल को न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस और चार अप्रैल को 14 डिग्री सेल्सियस था।

पिछले वर्ष अप्रैल में गर्मी अधिक थी और इस समय अवधि तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। पीतमपुरा में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहां न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सबसे अधिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोतरी

दिल्ली एनसीआर में शनिवार को प्रदूषण के स्तर में आंशिक बढ़ोतरी हुई। फिर भी दिल्ली व एनसीआर के ज्यादातर शहरों में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही, लेकिन ग्रेटर नोएडा में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई। सफर इंडिया के अनुसार दिल्ली में अगले तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में ही बनी रहेगी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 172 दर्ज किया, जो मध्यम श्रेणी में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 142 था। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 105, गाजियाबाद का 156, गुरुग्राम का 164 व नोएडा का एयर इंडेक्स 156 दर्ज किया गया। वहीं ग्रेटर नोएडा का एयर इंडेक्स 236 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है।