Delhi: रात भर बारिश से पानी-पानी हुआ दिल्ली-NCR, कई इलाके हुए जलमग्न
Waterlogging in Delhi गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रात भर हुई बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया है। बारिश के बाद हुए जलभराव से लोगों को अंडर पास से आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल ली। गुरुवार को दिन भर बादल छाए रहने के बाद शाम से झमाझम बारिश हो गई। शाम से शुरू हुई बारिश का सिलसिला देर रात और शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। गुरुवार की देर रात दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर हुई बारिश से राजधानी के कई इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को आवागमन में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।
बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में मार्च का यह महीना 15 वर्षों के दौरान तीसरा सर्वाधिक वर्षा वाला रहा है। माह की औसत सामान्य वर्षा है 17.1 मि मी जबकि बृहस्पतिवार (30 मार्च) रात साढ़े बजे तक यह 51.8 मिमी यानी 300 प्रतिशत से भी ज्यादा पहुंच गई। पालम में 15.0 मिमी की तुलना में 80.8 मिमी जबकि लोधी रोड पर 17.1 मिमी के बनिस्पत 36.4 मिमी रही है। पीछे मुड़कर देखें तो 15 साल में 10 बार भी मार्च में वर्षा सामान्य नहीं रही। इस मार्च को भी मिलाकर तीन बार राजधानी सूखी ही रही, जबकि सात बार औसत से भी काफी कम बारिश दर्ज की गई।
#WATCH | Waterlogging witnessed in several parts of Delhi after the rainfall; visuals from Pankha Road flyover pic.twitter.com/v8NRFZB3KK— ANI (@ANI) March 31, 2023
बता दें कि मार्च माह में औसत वर्षा का आंकड़ा 17.1 मिमी है, लेकिन 2009 से लेकर 2023 तक केवल 2014, 2015, 2016, 2020 और 2023 ही ऐसे वर्ष रहे हैं जब दिल्ली में अच्छी बरसात हुई। मार्च 2020 में तो राजधानी में अत्यधिक वर्षा का आलटाइम रिकार्ड भी बना। अन्य सालों में स्थिति बहुत ही दयनीय रही है। 2010, 2018 और 2022 में बरसात ने मार्च से बिल्कुल ही मुंह मोड़ लिया। बीच के सालों में भी वर्षा के नाम पर बस खानापूर्ति ही हुई है।