विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 26, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Violence: दिल्ली दंगे में शामिल पिंजरा तोड़ की महिला सदस्य का चौंकाने वाला खुलासा

By Mangal YadavEdited By:
Published: Tue, 26 May 2020 05:30 AM (IST)

पिंजरा तोड़ की गिरफ्तार महिला सदस्य नताशा नरवाल और देवांगना कलिता ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं।

Delhi Violence: दिल्ली दंगे में शामिल पिंजरा तोड़ की महिला सदस्य का चौंकाने वाला खुलासा
Delhi Violence: दिल्ली दंगे में शामिल पिंजरा तोड़ की महिला सदस्य का चौंकाने वाला खुलासा

नई दिल्ली [लोकेश चौहान]। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद में हुई हिंसा के दौरान दंगों को भड़काने के साथ महिलाओं से चक्का जाम कराने में पिंजरा तोड़ संगठन की दो सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दोनों ने दंगों के दौरान समुदाय विशेष के लोगों को उकसाने और दंगे भड़काने के लिए रणनीति भी बनाई थी।

दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संगठन पिंजरा तोड़ की गिरफ्तार दोनों महिला सदस्य नताशा नरवाल और देवांगना कलिता से दिल्ली पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है। दोनों सदस्यों को रविवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपितों को 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।

क्राइम ब्रांच ने पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा और दंगा मामले की जांच में दोनों से पूछताछ की। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दंगा मामलों में वे महत्वपूर्ण साजिशकर्ता थी। दोनों ने 22 फरवरी की रात को जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के नीचे महिलाओं को एकत्र करने का कार्य किया था। इसके बाद महिलाओं को आगे करके जाफराबाद में 66 फीट सड़क पर चक्का जाम कराया था।

इस दौरान दूसरे समुदाय के लोगों को उकसाने और भड़काने का कार्य भी दोनों सदस्यों द्वारा कराया गया। दोनों सदस्यों ने रणनीति के तहत पुलिस को उकसाने के लिए चक्का जाम की योजना बनाई थी और इसका दुष्परिणाम सांप्रदायिक दंगों के रूप में सामने आया था। दिल्ली पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के साथ ही कुछ तकनीकी सुबूत भी एकत्र किए हैं। पुलिस के पास वे सुबूत भी हैं, जिससे पता लगता है कि दोनों सदस्यों ने लोगों को जाफराबाद के अलावा भी कई स्थानों पर लोगों को एकत्र किया और दंगों में सक्रिय भाग लेने के लिए सुझाव भी दिए। दोनों सदस्य लगातार विरोध स्थल और दंगों की निगरानी भी कर रही थी।

उन्होंने पूर्व निर्धारित रणनीति के तहत एक विशेष समुदाय के लोगों को दंगों के लिए उकसाया और अलग-अलग स्थानों पर सीएए के विरोध में हुए दंगों के दौरान उन्हे लोगों को उकसाते हुए देखा गया है। इनमें नताशा नरवाल मूलरूप से हरियाणा के हिसार की रहने वाली है और देवांगना कलिता असम के डिबरूगढ़ की रहने वाली है। दोनों जीटीबी नगर में रहती थी। इनमें देवांगना कलिता विवाहित है। पिंजरा तोड़ छात्राओं का अवैध संगठन है जो देश के तमाम शिक्षण संस्थाओं में सक्रिए है। छात्राएं ही इस संगठन को संचालित कर रही हैं।